रोज की मारपीट से परेशान पत्नी ने कुल्हाड़ी से पति को मार डाला: नशे में घर पहुंचकर कर रहा था विवाद, चेहरे-गर्दन और सीने पर किए वार

मोहला मानपुर। छत्तीसगढ़ के मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले में घरेलू हिंसा का मामला हत्या तक पहुंच गया। शराब पीकर रोजाना मारपीट करने वाले पति से परेशान पत्नी ने गुस्से में आकर कुल्हाड़ी से हमला कर उसकी हत्या कर दी। वारदात खड़गांव थाना क्षेत्र के सिवनी गांव की है। पुलिस ने आरोपी पत्नी को घटना के 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। कोर्ट में पेशी के बाद उसे न्यायिक अभिरक्षा में दुर्ग जेल भेज दिया गया है।
नशे में घर पहुंचकर पत्नी से करने लगा मारपीट
पुलिस के मुताबिक, 16 नवंबर की रात कारजू राम पुराम शराब के नशे में घर पहुंचा था। यहां उसने पत्नी मालती बाई के साथ मारपीट शुरू कर दी। बताया जा रहा है कि पति की रोज-रोज की प्रताड़ना से परेशान मालती बाई ने आपा खो दिया। इसी दौरान उसने घर में रखी कुल्हाड़ी उठाई और कारजू राम के चेहरे, गर्दन और सीने पर कई वार कर दिए। गंभीर चोट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
मृतक की मां ने थाने पहुंचकर दी सूचना
घटना की जानकारी अगले दिन मृतक की मां जांगय बाई ने पुलिस को दी। वह खड़गांव थाने पहुंचीं और पूरी घटना की सूचना दी। इसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और वारदात में इस्तेमाल खून लगी कुल्हाड़ी समेत अन्य साक्ष्य जब्त किए।
पूछताछ में हत्या की बात स्वीकार की
जांच के दौरान पुलिस ने मृतक की पत्नी मालती बाई से पूछताछ की। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में उसने कुल्हाड़ी से हमला कर पति की हत्या करने की बात स्वीकार की। इसके बाद पुलिस ने 18 नवंबर को उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी महिला को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में दुर्ग जेल भेज दिया गया। पुलिस मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।





