ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

रेलवे काउंटर से टिकट लेने वालों को भी यात्रा बीमा, 45 पैसे में 10 लाख का कवर

बिलासपुर। रेलवे आरक्षण काउंटर से टिकट लेने वाले यात्रियों के लिए राहत की खबर है। अब ऑनलाइन टिकट बुक करने वालों की तरह काउंटर से आरक्षित टिकट लेने वाले यात्री भी ऐच्छिक यात्रा बीमा का लाभ ले सकेंगे। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे में यह सुविधा 27 अक्टूबर से शुरू हो गई है। इसके लिए सभी आरक्षण काउंटरों पर संशोधित फॉर्म उपलब्ध करा दिए गए हैं। यात्रियों को इसकी जानकारी देने के लिए अनाउंसमेंट भी कराया जा रहा है।

इस योजना के तहत महज 45 पैसे के प्रीमियम पर पात्र यात्रियों को 10 लाख रुपए तक का बीमा कवर मिल सकता है। बीमा लेना अनिवार्य नहीं है। यात्री अपनी इच्छा के अनुसार इसका विकल्प चुन सकते हैं। बीमा लेने वाले यात्रियों के मोबाइल नंबर पर पॉलिसी से संबंधित जानकारी SMS के जरिए भेजी जाएगी।

मौत या दिव्यांगता पर मिलेगा बीमा कवर

रेलवे के मुताबिक, निर्धारित शर्तों के तहत यात्रा के दौरान मृत्यु या स्थायी पूर्ण दिव्यांगता की स्थिति में 10 लाख रुपए तक का बीमा कवर मिलेगा। स्थायी आंशिक दिव्यांगता के लिए 7.5 लाख रुपए तक का प्रावधान है। यह सुविधा पात्र कन्फर्म, RAC और आंशिक रूप से कन्फर्म टिकट वाले यात्रियों के लिए उपलब्ध होगी।

फॉर्म भरते समय इन बातों का रखें ध्यान

यात्रा बीमा का लाभ लेने के लिए आरक्षण फॉर्म में कुछ जरूरी जानकारियां भरनी होंगी।

  • बीमा का विकल्प: बीमा नहीं चाहिए तो निर्धारित बॉक्स में ‘NO’ लिखें। बीमा लेना चाहते हैं तो बॉक्स खाली छोड़ना होगा।
  • मोबाइल नंबर: वैध मोबाइल नंबर दर्ज करना जरूरी है, ताकि पॉलिसी की जानकारी मिल सके।
  • डिजिटल भुगतान: टिकट का भुगतान डिजिटल माध्यम से करना होगा।
  • पता और हस्ताक्षर: फॉर्म में पूरा पता, पिन कोड और हस्ताक्षर दर्ज करने होंगे।
  • यात्रा का विवरण: ट्रेन नंबर, यात्रा की तारीख, श्रेणी, गंतव्य और यात्रियों की जानकारी स्पष्ट रूप से भरें।

5 साल से कम उम्र के बच्चों को लाभ नहीं

रेलवे के अनुसार, बिना सीट या बर्थ बुक कराए यात्रा करने वाले पांच साल से कम उम्र के बच्चों को इस बीमा का लाभ नहीं मिलेगा। वहीं, 5 से 11 वर्ष के बच्चों के लिए पात्रता के अनुसार सुविधा उपलब्ध रहेगी। यात्रियों को फॉर्म भरने और भुगतान करने से पहले बीमा की शर्तें जरूर जांच लेनी चाहिए।

दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के सीपीआरओ शेख समी उर रहमान ने बताया कि सभी आरक्षण काउंटरों पर संशोधित फॉर्म उपलब्ध करा दिए गए हैं। उद्घोषणा प्रणाली और अन्य माध्यमों से यात्रियों को नई सुविधा की जानकारी दी जा रही है।

Related Articles

Back to top button