पत्थलगांव जनपद पंचायत में हंगामा: सीईओ पर अभद्र व्यवहार का आरोप, बैठक छोड़कर बाहर निकले संकुल समन्वयक

जशपुर। जशपुर जिले के पत्थलगांव जनपद पंचायत में संकुल समन्वयकों की बैठक के दौरान उस समय विवाद की स्थिति बन गई, जब जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) पर अभद्र व्यवहार करने का आरोप लगाया गया। आरोपों से नाराज संकुल समन्वयकों ने बैठक का बहिष्कार कर दिया और सभा कक्ष से बाहर निकलकर विरोध प्रदर्शन किया।
जानकारी के अनुसार, पत्थलगांव विकासखंड के सभी संकुल समन्वयकों की बैठक आयोजित की गई थी। विकासखंड शिक्षा अधिकारी के निर्देश पर सभी समन्वयक जनपद पंचायत के सभा कक्ष में पहुंचे थे। इसी दौरान बैठक शुरू होने से पहले विवाद की स्थिति उत्पन्न हो गई।
संकुल समन्वयकों का आरोप है कि जनपद पंचायत के सीईओ कमल श्रीवास ने उनके प्रति आपत्तिजनक टिप्पणी की। आरोप के मुताबिक, सीईओ ने कथित तौर पर कहा, “तुम्हारे बीईओ झाड़ू लगाएं क्या, आप लोग यहां बैठे हो?” इस टिप्पणी के बाद बैठक में मौजूद समन्वयकों में नाराजगी फैल गई।
आरोपों से आक्रोशित संकुल समन्वयकों ने बैठक का बहिष्कार करते हुए सभा कक्ष छोड़ दिया। इसके बाद उन्होंने जनपद पंचायत परिसर में विरोध जताते हुए अधिकारी के व्यवहार पर नाराजगी व्यक्त की। समन्वयकों का कहना है कि इस तरह की टिप्पणी से शिक्षकों और संकुल समन्वयकों के सम्मान को ठेस पहुंची है।
वहीं, जनपद पंचायत के सीईओ कमल श्रीवास ने अपने ऊपर लगाए गए सभी आरोपों को खारिज कर दिया है। उनका कहना है कि उन्होंने किसी के प्रति कोई अभद्र टिप्पणी नहीं की है। उन्होंने कहा कि उनके द्वारा ऐसा कोई बयान नहीं दिया गया, जिससे किसी की भावनाएं आहत हों।
फिलहाल, मामले को लेकर दोनों पक्ष आमने-सामने हैं। एक ओर संकुल समन्वयक कार्रवाई की मांग कर रहे हैं, तो दूसरी ओर सीईओ आरोपों को निराधार बता रहे हैं। अब प्रशासन इस मामले में क्या कदम उठाता है, इस पर सभी की नजरें टिकी हैं।





