ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

आवारा मवेशियों को लेकर ग्रामीणों का अनोखा प्रदर्शन: मवेशियों को पकड़कर कलेक्ट्रेट पहुंचे, प्रशासन से समाधान की मांग

सरगुजा। सरगुजा जिले में आवारा मवेशियों की बढ़ती समस्या को लेकर ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। शहर से लगे परसा गांव के ग्रामीणों ने गुरुवार को अनोखे अंदाज में विरोध प्रदर्शन करते हुए सड़कों पर घूम रहे आवारा मवेशियों को पकड़कर कलेक्ट्रेट कार्यालय पहुंच गए। ग्रामीणों के इस प्रदर्शन से कुछ देर के लिए कलेक्ट्रेट परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

ग्रामीणों ने बड़ी संख्या में मवेशियों को कलेक्ट्रेट परिसर के मुख्य द्वार के सामने खड़ा कर दिया। अचानक परिसर में मवेशियों का झुंड पहुंचने से अधिकारी और कर्मचारी भी हैरान रह गए। प्रदर्शन की जानकारी मिलते ही प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों से चर्चा की।

ग्रामीणों का कहना है कि आवारा मवेशियों की समस्या लंबे समय से बनी हुई है, लेकिन अब तक इसका कोई स्थायी समाधान नहीं निकाला गया है। उनका आरोप है कि कई पशुपालक अपने मवेशियों को खुले में छोड़ देते हैं, जिसके कारण वे सड़कों पर घूमते रहते हैं।

ग्रामीणों के मुताबिक, आवारा मवेशियों की वजह से सड़क दुर्घटनाओं का खतरा लगातार बढ़ रहा है। कई बार दोपहिया और चारपहिया वाहन चालकों को अचानक सामने आ जाने वाले मवेशियों के कारण दुर्घटनाओं का सामना करना पड़ता है। इसके अलावा किसानों की फसलों को भी नुकसान पहुंच रहा है।

प्रदर्शन कर रहे लोगों ने प्रशासन से मांग की कि आवारा मवेशियों के लिए उचित व्यवस्था की जाए। साथ ही, पशुओं को सड़कों पर छोड़ने वाले लापरवाह पशुपालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।

ग्रामीणों का कहना है कि जब तक इस समस्या का स्थायी समाधान नहीं होगा, तब तक लोगों की परेशानियां कम नहीं होंगी। परसा गांव के ग्रामीणों का यह अनोखा विरोध प्रदर्शन अब पूरे जिले में चर्चा का विषय बना हुआ है। प्रशासन ने भी समस्या के समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाने का आश्वासन दिया है।

Related Articles

Back to top button