ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

तिरंगा यात्रा के दूसरे दिन दंतेवाड़ा पहुंचे उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा: मां दंतेश्वरी मंदिर में की पूजा, 211 वीर जवानों को किया नमन

दंतेवाड़ा। दंतेवाड़ा में तिरंगा यात्रा के दूसरे दिन उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा और वन मंत्री केदार कश्यप ने मां दंतेश्वरी मंदिर पहुंचकर विधिवत पूजा-अर्चना की। इसके बाद दोनों नेता दंतेवाड़ा बस स्टैंड में आयोजित तिरंगा यात्रा कार्यक्रम में शामिल हुए और लोगों को राष्ट्रभक्ति का संदेश दिया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने दंतेवाड़ा जिले के 211 वीर बलिदानी जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि बस्तर की जनता, समाज प्रमुखों, जनप्रतिनिधियों और पत्रकारों के सहयोग से आज नक्सलवाद के खिलाफ लड़ाई में बड़ी सफलता मिली है।

उन्होंने कहा कि तिरंगा यात्रा उन क्षेत्रों से गुजर रही है, जहां कभी नक्सली आतंक के कारण पहुंचना भी मुश्किल था। आज उन्हीं इलाकों में पूरे उत्साह और सम्मान के साथ तिरंगा लहराया जा रहा है। यह बदलते बस्तर और नए छत्तीसगढ़ की तस्वीर है।

वन मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि तिरंगा केवल एक झंडा नहीं, बल्कि देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। उन्होंने लोगों से स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने घरों में तिरंगा लगाने और हर घर तिरंगा अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।

बस्तर सांसद महेश कश्यप ने तिरंगा यात्रा को ऐतिहासिक क्षण बताते हुए कहा कि यह यात्रा उन क्षेत्रों से होकर गुजर रही है, जहां कभी नक्सलवाद का प्रभाव था। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में बस्तर में विकास और शांति का नया दौर शुरू हुआ है।

कार्यक्रम में विधायक चैतराम अटामी, जिला पंचायत अध्यक्ष नंदलाल मुड़ामी, महिला आयोग की सदस्य ओजस्वी मंडावी, नगर पालिका अध्यक्ष पायल गुप्ता, जनपद पंचायत अध्यक्ष सुनीता भास्कर, बस्तर आईजी बद्रीनाथ मीणा, डीआईजी कमलोचन कश्यप, कलेक्टर देवेश कुमार ध्रुव, पुलिस अधीक्षक चंद्रमोहन सिंह सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और आम नागरिक मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button