Uncategorized

CGPSC ने बदली SI-प्लाटून कमांडर मुख्य परीक्षा की तारीख: शिक्षक भर्ती परीक्षा से टकराव के बाद CM साय के निर्देश पर फैसला, अब 2 से 4 नवंबर तक एग्जाम

रायपुर। छत्तीसगढ़ के युवाओं को बड़ी राहत मिली है। शिक्षक भर्ती परीक्षा और सूबेदार/उप निरीक्षक संवर्ग/प्लाटून कमांडर मुख्य परीक्षा की तारीख एक ही होने से अभ्यर्थियों को हो रही परेशानी को देखते हुए छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (CGPSC) ने मुख्य परीक्षा की तारीख बदल दी है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के निर्देश के बाद अब सूबेदार/उप निरीक्षक संवर्ग/प्लाटून कमांडर मुख्य परीक्षा-2024 का आयोजन 2, 3 और 4 नवंबर 2026 को किया जाएगा।

दरअसल, CGPSC ने गृह (पुलिस) विभाग के अंतर्गत आयोजित सूबेदार/उप निरीक्षक संवर्ग/प्लाटून कमांडर परीक्षा-2024 की प्रारंभिक लिखित परीक्षा का परिणाम 4 अगस्त को जारी किया था। इसके बाद मुख्य परीक्षा के लिए 24, 25 और 26 अक्टूबर की संभावित तारीख तय की गई थी। इसी बीच 25 अक्टूबर को शिक्षक भर्ती परीक्षा आयोजित होने वाली थी। दोनों परीक्षाओं की तारीख टकराने से दोनों की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के सामने एक परीक्षा छोड़ने की स्थिति बन रही थी।

CM ने दिए थे तारीख बदलने के निर्देश

अभ्यर्थियों की परेशानी मुख्यमंत्री साय के संज्ञान में आने के बाद उन्होंने अधिकारियों को परीक्षा कार्यक्रम में आवश्यक बदलाव करने के निर्देश दिए। इसके बाद आयोग ने मुख्य परीक्षा की संशोधित तारीख घोषित कर दी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं का हित सरकार की प्राथमिकता है। प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए युवा लंबे समय तक मेहनत करते हैं। ऐसे में केवल परीक्षा तिथियों के टकराव के कारण किसी पात्र अभ्यर्थी को एक अवसर से वंचित नहीं होना चाहिए।

ऑनलाइन आवेदन की अलग सूचना होगी

CGPSC ने मुख्य परीक्षा के लिए चिन्हित अभ्यर्थियों को अलग से ऑनलाइन आवेदन करने की सलाह दी है। आवेदन से संबंधित विस्तृत जानकारी आयोग की ओर से जारी की जाएगी। अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे आयोग की आधिकारिक वेबसाइट नियमित रूप से देखते रहें। मुख्यमंत्री ने सभी अभ्यर्थियों को परीक्षा और भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी हैं।

Related Articles

Back to top button