Uncategorized

छत्तीसगढ़ में आज से धान खरीदी का महाअभियान: 3100 रुपए क्विंटल मिलेगा भाव, कम धान बेचने पर भी प्रति एकड़ 13,839 रुपए की सहायता

रायपुर। छत्तीसगढ़ में 15 नवंबर यानी जनजातीय गौरव दिवस से धान खरीदी का महाअभियान शुरू हो रहा है। इस साल सरकार ने 27.50 लाख से अधिक किसानों से प्रति एकड़ अधिकतम 21 क्विंटल धान खरीदने की व्यवस्था की है।

किसानों को समर्थन मूल्य और कृषक उन्नति योजना की सहायता मिलाकर 3,100 रुपए प्रति क्विंटल का लाभ मिलेगा। खास बात यह है कि कम पैदावार होने पर भी पात्र किसानों को प्रति एकड़ 13,839 रुपए की पूरी आदान सहायता मिलेगी।

15 क्विंटल धान बेचने पर भी पूरा बोनस

खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 में कॉमन धान का समर्थन मूल्य 2,441 रुपए प्रति क्विंटल है। राज्य सरकार 3,100 रुपए प्रति क्विंटल के हिसाब से अंतर की राशि 659 रुपए देगी। 21 क्विंटल प्रति एकड़ के आधार पर यह राशि 13,839 रुपए होती है। नई व्यवस्था में किसान एक एकड़ में 21 के बजाय 15 क्विंटल धान बेचता है, तब भी उसे पात्रता के अनुसार पूरी 13,839 रुपए की सहायता मिलेगी। दो एकड़ पर 27,678 और तीन एकड़ पर 41,517 रुपए मिलेंगे।

3100 केंद्रों पर होगी खरीदी, 3.50 लाख टोकन जारी

प्रदेश में धान खरीदी के लिए 3,100 उपार्जन केंद्र बनाए गए हैं। यहां बारदाने, इलेक्ट्रॉनिक तौल उपकरण, भंडारण और परिवहन की व्यवस्था की जा रही है। अब तक 3 लाख 50 हजार 972 टोकन पंजीकृत हो चुके हैं। डिजिटल टोकन व्यवस्था से किसानों को तय तारीख पर उपज बेचने की सुविधा मिलेगी।

तीन साल में किसानों को 35,904 करोड़ का भुगतान

कृषक उन्नति योजना के तहत खरीफ 2023 से 2025 तक 25 लाख से अधिक किसानों को 35,904 करोड़ 90 लाख रुपए दिए गए हैं। इसमें वर्ष 2023 में 13,289 करोड़, 2024 में 11,976 करोड़ और 2025 में 10,639 करोड़ रुपए का भुगतान शामिल है। सरकार का दावा है कि नई व्यवस्था से किसानों को बेहतर मूल्य और कम उत्पादन की स्थिति में भी आर्थिक सुरक्षा मिलेगी।

Related Articles

Back to top button