पीएम जनमन से बदली वनांचलों की तस्वीर: 24 हजार से ज्यादा परिवारों को मिले पक्के मकान, 1,833 किमी सड़कें बनीं

जनजातीय गौरव दिवस विशेष: 61 मोबाइल मेडिकल यूनिट से गांवों तक पहुंच रही स्वास्थ्य सेवाएं, 1.23 लाख से अधिक लोगों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने की पहल
रायपुर। छत्तीसगढ़ के दूरस्थ वनांचलों में अब पक्की सड़कें पहुंच रही हैं। कभी जहां बीमारी के इलाज के लिए मीलों पैदल चलना पड़ता था, वहां अब मोबाइल मेडिकल यूनिट गांवों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचा रही हैं।
बिजली, स्वच्छ पेयजल और पक्के मकानों की सुविधा से विशेष पिछड़ी जनजातियों के जीवन में बदलाव आ रहा है। प्रधानमंत्री जनमन (PM-JANMAN) योजना के जरिए प्रदेश के इन इलाकों की तस्वीर बदलने की कोशिश तेज हुई है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नवंबर 2023 में विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूहों (PVTG) के सामाजिक और आर्थिक विकास के लिए यह योजना शुरू की थी। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ में इसका क्रियान्वयन किया जा रहा है।
योजना के तहत बैगा, पहाड़ी कोरवा, बिरहोर, कमार और अबूझमाड़िया जैसे समुदायों को आवास, सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, बिजली और पेयजल जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। योजना के बेहतर क्रियान्वयन के लिए राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने छत्तीसगढ़ को प्रथम पुरस्कार से सम्मानित किया है।
24 हजार से ज्यादा परिवारों को पक्के मकान
योजना के तहत प्रदेश में विशेष पिछड़ी जनजातियों के लिए 34,691 मकान स्वीकृत किए गए हैं। इनमें से 24,218 मकानों का निर्माण पूरा हो चुका है। गांवों को मुख्य सड़कों और बाजारों से जोड़ने के लिए 2,901 किलोमीटर सड़कें मंजूर की गई हैं। इनमें से 1,833 किलोमीटर का निर्माण पूरा हो गया है।
बिजली-पानी और स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार
वनांचलों में 7,349 परिवारों का ऑफग्रिड विद्युतीकरण पूरा किया जा चुका है। 1,490 लक्षित गांवों में से 940 गांवों में बिजली और 1,425 में से 510 गांवों में पेयजल की शत-प्रतिशत कवरेज हासिल की गई है। स्वास्थ्य सेवाओं के लिए 61 मोबाइल मेडिकल यूनिट सक्रिय हैं। वहीं, सभी 191 स्वीकृत आंगनबाड़ी केंद्र संचालित हो रहे हैं।
डिजिटल कनेक्टिविटी से रोजगार के अवसर
जनजातीय परिवारों की आजीविका मजबूत करने के लिए 16 वनधन विकास केंद्र स्थापित किए गए हैं। डिजिटल कनेक्टिविटी बढ़ाने के लिए 135 मोबाइल टावर साइट स्वीकृत हैं, जिनमें 37 पर काम शुरू हो चुका है। इसके अलावा 51 बहुउद्देशीय केंद्र और 40 छात्रावास तैयार किए जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के मुताबिक, पीएम जनमन योजना के प्रभावी क्रियान्वयन में छत्तीसगढ़ देश में पहले स्थान पर है। उनका कहना है कि बिजली, पानी, सड़क और स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार से विशेष पिछड़ी जनजातियों का जीवन बदल रहा है।





