पीएम स्वनिधि से 1.23 लाख स्ट्रीट वेंडर्स को मिला रोजगार बढ़ाने का सहारा: अरुण साव बोले- तीसरे चरण में 50 हजार रुपए तक लोन लें

रायपुर। छत्तीसगढ़ के 1.23 लाख से अधिक पथ विक्रेता पीएम स्वनिधि योजना का लाभ लेकर आत्मनिर्भर बन रहे हैं। योजना ने छोटे कारोबारियों को साहूकारों के चंगुल से निकालकर बैंकिंग व्यवस्था से जोड़ा है।
उप मुख्यमंत्री और नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव ने शनिवार को रायपुर के पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में आयोजित स्वनिधि महोत्सव में यह बात कही।
अरुण साव ने पथ विक्रेताओं से सीधे संवाद कर जाना कि योजना से उनके कारोबार और परिवार की आर्थिक स्थिति में क्या बदलाव आया है। उन्होंने लाभार्थियों को चेक, यूपीआई पेमेंट बॉक्स और प्रशस्ति पत्र भी दिए। साथ ही योजना के बेहतर क्रियान्वयन के लिए उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बैंकों, उनकी शाखाओं और नगरीय निकायों को सम्मानित किया।
डिप्टी सीएम ने कहा कि कोरोना महामारी के दौरान जब कारोबार बंद हो गए थे और लोगों के सामने रोजी-रोटी का संकट था, तब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जून 2020 में पीएम स्वनिधि योजना शुरू की।
इसका उद्देश्य छोटे कारोबारियों को दोबारा व्यवसाय खड़ा करने के लिए आर्थिक मदद देना था। उन्होंने कहा कि रेहड़ी-ठेला लगाने वालों का काम छोटा नहीं है। वे शहर की अर्थव्यवस्था और आम लोगों की रोजमर्रा की जरूरतों का अहम हिस्सा हैं।
साव ने लाभार्थियों से कारोबार बढ़ाने और योजना के तीसरे चरण तक पहुंचकर 50 हजार रुपए का ऋण लेने का लक्ष्य रखने की अपील की। उन्होंने उम्मीद जताई कि अगले महोत्सव में अधिकतर हितग्राही तीसरे चरण का ऋण और यूपीआई क्रेडिट कार्ड प्राप्त कर चुके होंगे।
रायपुर में 33 हजार से ज्यादा वेंडर्स को लाभ
महापौर मीनल चौबे ने बताया कि रायपुर नगर निगम ने वर्ष 2030 तक 53 हजार स्ट्रीट वेंडर्स को योजना से जोड़ने का लक्ष्य रखा है। अब तक 33 हजार से अधिक विक्रेताओं को लाभ मिल चुका है। वहीं, प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा ने बताया कि प्रदेश में 1.23 लाख से अधिक पथ विक्रेता योजना से जुड़े हैं।
सांसद लक्ष्मी वर्मा ने बताया कि योजना में बिना गारंटर ऋण मिलता है। समय पर किस्त चुकाने वालों को 7 प्रतिशत ब्याज अनुदान भी दिया जाता है। महोत्सव में वित्तीय साक्षरता, डिजिटल भुगतान, प्रदर्शनी, सांस्कृतिक कार्यक्रम और नुक्कड़ नाटक के जरिए भी लोगों को जागरूक किया गया।





