बंगाल की खाड़ी में तूफान अकवान से बदलेगा छत्तीसगढ़ का मौसम, 20-21 नवंबर को बारिश के आसार

दक्षिणी जिलों में भारी बारिश की संभावना, रायपुर-दुर्ग और बिलासपुर में भी हो सकती है हल्की बारिश; फिलहाल प्रदेश में मौसम शुष्क
रायपुर। बंगाल की खाड़ी में बन रहे चक्रवाती तूफान अकवान का असर छत्तीसगढ़ के मौसम पर भी पड़ सकता है।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, 20 और 21 नवंबर को प्रदेश के दक्षिणी हिस्सों में भारी बारिश होने की संभावना है। वहीं रायपुर, दुर्ग और बिलासपुर संभाग के कुछ इलाकों में हल्की बारिश हो सकती है। इससे नवंबर में एक बार फिर मौसम का मिजाज बदलने के आसार हैं।
20 नवंबर को आंध्र प्रदेश तट से टकराने की संभावना
बंगाल की खाड़ी में 16 नवंबर को बना डीप डिप्रेशन चक्रवाती तूफान में बदल सकता है। इसके 17 नवंबर की शाम तक गंभीर चक्रवाती तूफान का रूप लेने का अनुमान है।
इसके बाद यह उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ते हुए 19 नवंबर तक आंध्र प्रदेश तट के पास पहुंच सकता है। मौसम विभाग के मुताबिक, 20 नवंबर को इसके आंध्र प्रदेश और यानम के तटों को पार करने की संभावना है। इसके प्रभाव से आसपास के राज्यों में भी बारिश हो सकती है।
रायपुर में आज मौसम साफ रहेगा
राजधानी रायपुर में 17 नवंबर को मौसम साफ रहने का अनुमान है। यहां अधिकतम तापमान 31 डिग्री और न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।
फिलहाल प्रदेश में मौसम शुष्क है और मौसम विभाग ने मंगलवार के लिए कोई चेतावनी जारी नहीं की है।
अंबिकापुर में सबसे कम तापमान
पिछले 24 घंटों में प्रदेश में कहीं भी उल्लेखनीय बारिश दर्ज नहीं हुई। राजनांदगांव में सबसे अधिक 32 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा, जबकि अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 13 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
अब चक्रवात के असर से दक्षिणी छत्तीसगढ़ में बारिश की गतिविधियां बढ़ने की संभावना है।





