ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

कांकेर की महिला पोस्टमार्टम कर्मचारी संतोषी दुर्गा के पति लापता: धमतरी से रायपुर जाने निकले थे, पुलिस तलाश में जुटी

धमतरी (विश्वनाथ गुप्ता)। कांकेर जिले की चर्चित महिला पोस्टमार्टम कर्मचारी संतोषी दुर्गा के पति रबिन्द्र दुर्गा के लापता होने का मामला सामने आया है। संतोषी ने धमतरी सिटी कोतवाली थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर रबिन्द्र की तलाश शुरू कर दी है।

संतोषी दुर्गा के मुताबिक, उनके पति 20 जुलाई को धमतरी बस स्टैंड से रायपुर जाने के लिए बस में सवार हुए थे। रायपुर से उन्हें ओडिशा जाना था। लेकिन इसके बाद से उनका कोई पता नहीं चल पाया है। वे न तो ओडिशा पहुंचे और न ही वापस घर लौटे हैं। मोबाइल फोन से भी संपर्क नहीं हो पा रहा है। परिवार के लोग लगातार उनकी तलाश कर रहे हैं।

मामले की जानकारी मिलने के बाद धमतरी पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर संभावित ठिकानों और आने-जाने के रास्तों की जानकारी जुटानी शुरू कर दी है। पुलिस बस स्टैंड और आसपास के इलाकों में भी पूछताछ कर रही है। रबिन्द्र के रायपुर पहुंचने और वहां से ओडिशा जाने की संभावित जानकारी भी जुटाई जा रही है।

17 साल पहले शुरू किया था पोस्टमार्टम का काम

संतोषी दुर्गा की पहचान एक साहसिक महिला कर्मचारी के तौर पर है। उन्होंने करीब 17 साल पहले पोस्टमार्टम जैसा चुनौतीपूर्ण काम शुरू किया था। महिला होने के बावजूद उन्होंने इस काम को अपनाकर परिवार की जिम्मेदारी संभाली। समय के साथ पोस्टमार्टम कार्य में उनकी दक्षता और साहस के कारण उन्हें प्रदेश ही नहीं, बल्कि देशभर में पहचान मिली।

अब पति के अचानक लापता होने के बाद संतोषी और उनका परिवार परेशान है। पुलिस रबिन्द्र की तलाश में जुटी है और उनके सुरक्षित मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

Related Articles

Back to top button