ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

पत्नी को प्रेमी के साथ आपत्तिजनक हालत में देखा तो पति ने दोनों को फावड़े से मार डाला, मौके पर मौत

सरगुजा। जिले के कमलेश्वरपुर थाना क्षेत्र के बिसरपानी गांव में मंगलवार रात पति ने पत्नी और उसके प्रेमी की फावड़े से हमला कर हत्या कर दी। आरोपी पति ने दोनों को एक रिश्तेदार के घर के अलग कमरे में आपत्तिजनक हालत में देख लिया था। इसके बाद तीनों के बीच विवाद हुआ और गुस्से में पति ने दोनों पर फावड़े से कई वार कर दिए। सिर में गंभीर चोट लगने से दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी फरार हो गया।

पुलिस के मुताबिक बिसरपानी गांव के दारापारा निवासी बाबूलाल मझवार (35) मंगलवार शाम खेत की ओर गया था। इसी दौरान उसकी पत्नी नईहारो मझवार (32) गांव के सोमारू मझवार के घर पहुंची। कुछ देर बाद गांव का ही बेंजे बड़ा (35) भी वहां आ गया। दोनों घर से अलग बने एक कमरे में बैठकर शराब पी रहे थे।

पत्नी को खोजते हुए पहुंचा था पति

रात करीब 8 बजे बाबूलाल पत्नी को खोजते हुए सोमारू के घर पहुंचा। वहां उसने नईहारो और बेंजे को आपत्तिजनक हालत में देख लिया। इसको लेकर तीनों के बीच विवाद शुरू हो गया। विवाद बढ़ने पर बाबूलाल ने फावड़ा उठाकर दोनों पर हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने के कारण नईहारो और बेंजे की मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। बुधवार सुबह मैनपाट थाना प्रभारी मनोज कुमार प्रजापति पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने दोनों शवों का पंचनामा कर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। अंबिकापुर से फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल की जांच की।

हत्या के बाद आरोपी फरार

पुलिस के अनुसार नईहारो और बेंजे के बीच लंबे समय से संबंध होने की बात सामने आई है। जिस घर में हत्या हुई, वह बाबूलाल के करीबी रिश्तेदार का बताया जा रहा है। घटना के समय दोनों शराब के नशे में थे। बाबूलाल के भी नशे में होने की जानकारी सामने आई है। हत्या के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश कर रही है और घटनाक्रम से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

Related Articles

Back to top button