सोनमणि बोरा ने संभाला नगरीय प्रशासन विभाग के प्रमुख सचिव का कार्यभार, शहरी विकास और जनसुविधाओं पर रहेगा फोकस

रायपुर। भारतीय प्रशासनिक सेवा के वरिष्ठ अधिकारी सोनमणि बोरा (भा.प्र.से.-1999) ने बुधवार को छत्तीसगढ़ शासन के प्रमुख सचिव, नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग का कार्यभार संभाल लिया।
सामान्य प्रशासन विभाग की ओर से 18 अगस्त 2026 को जारी आदेश के तहत उन्हें यह जिम्मेदारी सौंपी गई है। इससे पहले वे आदिम जाति विकास, अनुसूचित जाति विकास तथा पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक विकास विभाग के प्रमुख सचिव की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। इसके साथ ही उनके पास विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग का अतिरिक्त प्रभार भी है।
कार्यभार संभालने के बाद बोरा ने विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक कर योजनाओं, कार्यक्रमों और चल रहे कार्यों की जानकारी ली। विभाग के संचालक रिमिजियुस एक्का, सूडा के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुमीत अग्रवाल समेत वरिष्ठ अधिकारियों ने उनका स्वागत किया और विभागीय गतिविधियों से अवगत कराया।
रायपुर के विकास में रही महत्वपूर्ण भूमिका
सोनमणि बोरा का नगरीय प्रशासन और शहरी विकास के क्षेत्र में लंबा अनुभव रहा है। राज्य गठन के बाद रायपुर को राजधानी के रूप में विकसित करने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही। वे रायपुर नगर पालिक निगम, रायपुर विकास प्राधिकरण (आरडीए) और बिलासपुर विकास प्राधिकरण (बीडीए) में आयुक्त एवं सीईओ के रूप में कार्य कर चुके हैं। इसके अलावा कवर्धा, जांजगीर-चांपा, मुंगेली और बिलासपुर के विकास कार्यों में भी उनका योगदान रहा है।
रायपुर नगर निगम में उनके कार्यकाल के दौरान सफाई मित्र योजना, बूढ़ातालाब समेत अन्य तालाबों के संवर्धन और पुनरोद्धार, महादेव घाट में मूर्ति विसर्जन के लिए निर्धारित स्थल का विकास जैसे कार्य हुए। नगरीय स्कूलों के कायाकल्प, जन्म-मृत्यु पंजीयन को ऑनलाइन करने और लेखा व्यवस्था को सॉफ्टवेयर आधारित बनाने की दिशा में भी काम हुआ।
जनसुविधाओं को प्राथमिकता
कार्यभार संभालने के बाद बोरा ने अधिकारियों से कहा कि जनता से जुड़े कार्यक्रमों और मूलभूत सुविधाओं से संबंधित योजनाओं को प्राथमिकता दी जाए। उनके अनुभव से नगरीय विकास योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन और विभागीय समन्वय को गति मिलने की उम्मीद है।





