ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

अभनपुर नपा अध्यक्ष पर CMO को धमकाने का आरोप, ‘नंगा करके मारूंगा’ कहा; FIR दर्ज

रायपुर। जिले के अभनपुर नगर पालिका अध्यक्ष उत्रसेन गहिरवारे पर CMO नीलेश केरकेट्टा और सब इंजीनियर दुशांत चौहान के साथ गाली-गलौज करने और मारपीट की धमकी देने का आरोप लगा है।

मामले में अधिकारियों की शिकायत पर अभनपुर पुलिस ने नगर पालिका अध्यक्ष के खिलाफ FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना का CCTV वीडियो भी सामने आया है, जिसमें विवाद के दौरान एक व्यक्ति डंडा लेकर आता दिखाई दे रहा है।

अधिकारियों के मुताबिक घटना 13 अगस्त की है। 15 अगस्त की तैयारियों के बाद CMO कार्यालय पहुंचे थे। इसी दौरान नगर पालिका अध्यक्ष अपने कुछ लोगों के साथ पहुंचे।

आरोप है कि बिना काम किए फंड से भुगतान कराने को लेकर अध्यक्ष ने अधिकारियों पर दबाव बनाया। भुगतान को लेकर विवाद बढ़ने के बाद करीब 20 मिनट तक गाली-गलौज की गई।

शिकायत में अधिकारियों ने आरोप लगाया है कि इस दौरान करीब 55 बार अपशब्द कहे गए और उन्हें ‘नंगा करके मारूंगा’ जैसी धमकी दी गई। मारपीट के लिए डंडा मंगवाने का भी आरोप है।

महिलाओं और बच्चों के सामने अभद्रता का आरोप

CMO नीलेश केरकेट्टा ने कहा कि वे करीब सात साल से नौकरी कर रहे हैं, लेकिन इस तरह की अभद्रता और अमानवीय व्यवहार का सामना पहले कभी नहीं किया। उनके मुताबिक घटना के दौरान कार्यालय में महिलाएं भी मौजूद थीं। स्कूली बच्चों के सामने भी अपशब्द कहे गए।

अधिकारियों की शिकायत पर केस

CMO नीलेश केरकेट्टा और सब इंजीनियर दुशांत चौहान की शिकायत के आधार पर अभनपुर थाने में नगर पालिका अध्यक्ष के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस CCTV फुटेज और शिकायत में लगाए गए आरोपों के आधार पर जांच कर रही है।

उत्रसेन गहिरवारे कांग्रेस से जुड़े हैं। इस मामले में उनका पक्ष जानने की कोशिश की गई, लेकिन उनसे संपर्क नहीं हो सका।

इससे पहले रायपुर नगर निगम के वीर सावरकर नगर वार्ड से कांग्रेस पार्षद संदीप साहू पर भी महिला अधिकारी से गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लग चुका है। उनकी शिकायत पर भी FIR दर्ज की गई थी।

Related Articles

Back to top button