CGPSC घोटाले पर CM साय का कांग्रेस पर हमला: बोले- बेटा-बेटियों के साथ हुआ बड़ा भ्रष्टाचार, CBI कर रही जांच

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में हुए कथित CGPSC घोटाले को लेकर कांग्रेस पर निशाना साधा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछली सरकार के दौरान छत्तीसगढ़ के बेटा-बेटियों के साथ CGPSC में बड़ा भ्रष्टाचार हुआ था।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विधानसभा चुनाव के दौरान जनता से मामले की जांच कराने का वादा किया था, जिसे भाजपा सरकार ने पूरा किया है। अब इस मामले की जांच CBI कर रही है।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि CGPSC घोटाला मामले में पूर्व अध्यक्ष समेत इससे जुड़े लोगों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि जांच एजेंसी मामले से जुड़े तथ्यों और आरोपों की पड़ताल कर रही है और दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
साय ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है। सरकार का स्पष्ट रुख है कि भ्रष्टाचार या किसी भी तरह के अपराध में संलिप्त पाए जाने वाले व्यक्ति के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि किसी भी क्षेत्र में यदि कोई व्यक्ति अपराध करता है और जांच में दोषी पाया जाता है तो उसके खिलाफ कानून के मुताबिक कड़ी से कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। सरकार भ्रष्टाचार और अपराध के मामलों में किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरतेगी।
उन्होंने कहा कि युवाओं के भविष्य और प्रतियोगी परीक्षाओं की पारदर्शिता से किसी भी तरह का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। CGPSC मामले में जांच आगे बढ़ने के साथ आने वाले दिनों में और कार्रवाई की संभावना है।



