ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

सेवा सेतु केंद्र से आसान हुई राह, उर्मिला का शिक्षा का सपना हुआ साकार

समय पर मिला स्थायी जाति प्रमाण पत्र, जावंगा कन्या शिक्षा परिसर में मिला प्रवेश

दंतेवाड़ा। सरकारी दस्तावेज बनवाने की प्रक्रिया आसान और समयबद्ध होने से ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों को अब शिक्षा के अवसर हासिल करने में सहूलियत मिल रही है। दंतेवाड़ा जिले के ग्राम धुरली की छात्रा उर्मिला के लिए सेवा सेतु केंद्र ऐसी ही मददगार कड़ी बना। केंद्र के माध्यम से समय पर स्थायी जाति प्रमाण पत्र मिलने से उर्मिला का जावंगा स्थित कन्या शिक्षा परिसर में प्रवेश का सपना पूरा हो गया।

उर्मिला ने आगे की पढ़ाई के लिए कन्या शिक्षा परिसर, जावंगा में प्रवेश के लिए आवेदन किया था। प्रवेश प्रक्रिया में स्थायी जाति प्रमाण पत्र जरूरी था। इसे बनवाने के लिए उन्होंने सेवा सेतु केंद्र में आवेदन किया। केंद्र के कर्मचारियों ने दस्तावेजों की जांच कर नियमानुसार प्रक्रिया पूरी की और उन्हें जल्द ही स्थायी जाति प्रमाण पत्र उपलब्ध करा दिया।

प्रमाण पत्र समय पर मिलने से उर्मिला का प्रवेश बिना किसी परेशानी के हो गया। उन्होंने बताया कि पहले सरकारी दस्तावेज बनवाने में काफी समय और भागदौड़ करनी पड़ती थी, लेकिन सेवा सेतु केंद्र के जरिए प्रक्रिया आसान हो गई। प्रमाण पत्र मिलने के बाद अब वे अपनी पढ़ाई जारी रख सकेंगी।

उर्मिला ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और सेवा सेतु केंद्र के कर्मचारियों के प्रति आभार जताया। उनका कहना है कि समय पर दस्तावेज मिलने से उनका शिक्षा का सपना पूरा होने की राह आसान हुई है।

राज्य सरकार का उद्देश्य जाति, आय, निवास सहित अन्य जरूरी प्रमाण पत्रों और शासकीय सेवाओं को नागरिकों तक सरल, पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से पहुंचाना है। सेवा सेतु केंद्रों के जरिए विद्यार्थियों, किसानों, महिलाओं और ग्रामीणों को सरकारी सेवाओं का लाभ मिल रहा है। उर्मिला की कहानी बताती है कि समय पर मिला एक जरूरी दस्तावेज भी किसी विद्यार्थी के भविष्य की राह बदल सकता है।

Related Articles

Back to top button