StateNewsदेश - विदेश

बिजनेसमैन से 1 करोड़ की रंगदारी मांगी: धमकी दी- चार दिन जी ले, पांचवां दिन नहीं देख पाएगा; पटवारी पर आरोप

जयपुर। जयपुर में एक बिजनेसमैन से 1 करोड़ रुपए की रंगदारी मांगने और रकम नहीं देने पर जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। आरोपी ने बिजनेसमैन को वॉट्सऐप कॉल कर चार दिन के भीतर रुपए देने को कहा। धमकी दी गई कि रकम नहीं देने पर उसकी हत्या कर दी जाएगी और उसके बच्चे अनाथ हो जाएंगे। पीड़ित ने जवाहर सर्किल थाने में शिकायत दर्ज कराई है।

पुलिस के मुताबिक, बस्सी निवासी बिजनेसमैन का ऑफिस जवाहर सर्किल इलाके की गोकुल वाटिका में है। 18 सितंबर को दोपहर करीब 1:30 बजे उसके मोबाइल पर वॉट्सऐप कॉल आया। कॉल करने वाले ने चार दिन में 1 करोड़ रुपए देने की मांग की और जान से मारने की धमकी दी।

बिजनेसमैन ने नंबर को ट्रू कॉलर पर चेक किया तो वह रविंद्र कुमार महावर के नाम से दिखा। पीड़ित रविंद्र को पहले से जानता था, क्योंकि वह दांतली-सिरोली में पटवारी रह चुका है। संपर्क करने पर रविंद्र ने बताया कि उसने चार दिन पहले यह सिम हरियाणा में रहने वाले अपने दोस्त को दी थी। इसके बाद उसने दोस्त से बात कर आगे कॉल नहीं करने की बात कही।

चुनाव हारने की बात पर बनाया प्लान

पुलिस के अनुसार, पूछताछ में रविंद्र ने बताया कि 17 सितंबर को वह कपिल शर्मा, मुनीराज मीणा और रामलाल मीणा के साथ विराटनगर के एक फार्म हाउस गया था। अगले दिन वहां शराब पार्टी के दौरान रामलाल ने वार्ड 61 से चुनाव हारने की बात कही। कपिल ने कथित तौर पर इसके लिए बिजनेसमैन को जिम्मेदार बताया और कहा कि उसने चुनाव हराने के लिए पैसे बांटे थे।

इसके बाद कपिल ने रविंद्र के मोबाइल से बिजनेसमैन को वॉट्सऐप कॉल किया। कॉल काटने के बाद जब बिजनेसमैन ने वापस फोन किया तो मुनीराज ने उठाया और खुद को हरियाणा का संदीप चौधरी बताते हुए धमकी दी।

एएसआई किशन लाल ने बताया कि बिजनेसमैन की शिकायत पर FIR दर्ज कर ली गई है। पुलिस आरोपों की जांच कर रही है और संबंधित लोगों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Back to top button