ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

12वीं का हिंदी पेपर लीक होने पर छात्रों का प्रदर्शन: शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव के इस्तीफे की मांग, NSUI ने दिया समर्थन

रायपुर। छत्तीसगढ़ में 12वीं बोर्ड के हिंदी विषय का प्रश्नपत्र लीक होने के मामले को लेकर छात्रों का विरोध तेज हो गया है। रविवार को रायपुर के अंबेडकर चौक पर बड़ी संख्या में छात्रों ने प्रदर्शन किया। छात्रों ने पेपर लीक मामले में जिम्मेदार लोगों पर कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव के इस्तीफे की मांग की। प्रदर्शन को NSUI का भी समर्थन मिला।

प्रदर्शनकारी छात्रों ने कहा कि बोर्ड परीक्षा जैसे महत्वपूर्ण मामले में प्रश्नपत्र लीक होना पूरी परीक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़ा करता है। उन्होंने पेपर लीक की घटनाओं पर नाराजगी जताते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। छात्रों ने सरकार से पेपर लीक रोकने के लिए कड़ा कानून बनाने और परीक्षा व्यवस्था को पूरी तरह पारदर्शी एवं सुरक्षित करने की मांग भी रखी।

दीपक बैज ने सरकार पर साधा निशाना

इधर, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने भी शिक्षा व्यवस्था को लेकर सरकार पर हमला बोला। उन्होंने शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव पर सवाल उठाते हुए कहा कि प्रदेश में बड़ी संख्या में स्कूल बंद किए गए हैं और कई स्कूलों में शिक्षकों के पद खाली पड़े हैं।

बैज ने आरोप लगाया कि स्कूलों में विद्यार्थियों को समय पर पुस्तकें और यूनिफॉर्म तक नहीं मिल पा रही हैं। उन्होंने कहा कि अतिथि शिक्षक और D.Ed. अभ्यर्थी भी अपनी मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे हैं।

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि शिक्षा व्यवस्था से जुड़े कई मुद्दों पर सरकार को जवाब देना चाहिए। उन्होंने पेपर लीक मामले की जिम्मेदारी तय करने के साथ शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव के इस्तीफे की मांग की। प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने परीक्षा व्यवस्था में सुधार और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई को लेकर नारेबाजी भी की।

Related Articles

Back to top button