ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

सीएम हेल्पलाइन में शिकायत के बाद सोलर पंप हुआ चालू: खेतों में लौटी रौनक, किसान को मिली राहत

कोरबा। मुख्यमंत्री हेल्पलाइन में दर्ज शिकायत पर त्वरित कार्रवाई करते हुए कोरबा जिले के किसान के बंद पड़े सोलर पंप को चालू करा दिया गया। पंप के दोबारा शुरू होने के बाद खेतों में सिंचाई व्यवस्था बहाल हो गई है। किसान ने समस्या के जल्द समाधान पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, जिला प्रशासन और क्रेडा के अधिकारियों के प्रति आभार जताया।

मामला पोड़ी-उपरोड़ा विकासखंड के ग्राम अरसियां का है। यहां किसान राम के खेत में सौर सुजला योजना के तहत सोलर पंप लगाया गया था। तकनीकी खराबी के कारण पंप अचानक बंद हो गया। इससे खेतों की सिंचाई प्रभावित होने लगी और किसान को फसल की देखभाल में परेशानी आने लगी।

समस्या के समाधान के लिए किसान ने सीएम हेल्पलाइन पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलते ही क्रेडा के अधिकारियों ने इसे गंभीरता से लिया और तकनीकी टीम को मौके पर भेजा। टीम ने सोलर पंप का निरीक्षण किया और आवश्यक सुधार व मरम्मत का काम पूरा किया। इसके बाद पंप दोबारा सुचारु रूप से चलने लगा।

सोलर पंप चालू होने के बाद किसान के खेतों में सिंचाई फिर शुरू हो गई। समय पर पानी मिलने से फसल की देखभाल आसान हो गई और खेती से जुड़ी परेशानी दूर हुई।

किसान राम ने कहा कि शिकायत दर्ज कराने के बाद समस्या का जल्द समाधान हो गया। उन्होंने बताया कि सिंचाई व्यवस्था बहाल होने से उन्हें बड़ी राहत मिली है।

क्रेडा अधिकारियों के मुताबिक सौर सुजला योजना के तहत लगाए गए सोलर पंपों के रखरखाव और तकनीकी शिकायतों के निराकरण को प्राथमिकता दी जा रही है। किसानों की समस्याओं का समय पर समाधान कर सिंचाई व्यवस्था सुचारु रखने का प्रयास किया जा रहा है।

Related Articles

Back to top button