जीपीएम को मिला ‘सर्वश्रेष्ठ जिला प्रमोशन अवॉर्ड’

विश्व पर्यटन दिवस पर सम्मान; धनपुर की पुरातात्विक विरासत पर कॉफी टेबल बुक का विमोचन
रायपुर। गौरेला-पेंड्रा-मरवाही (जीपीएम) जिले को पर्यटन के क्षेत्र में उल्लेखनीय काम के लिए ‘सर्वश्रेष्ठ जिला प्रमोशन अवॉर्ड’ से सम्मानित किया गया। छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड की ओर से यह सम्मान जिले की प्राकृतिक, ऐतिहासिक, पुरातात्विक और सांस्कृतिक विरासत को देश-दुनिया के सामने प्रभावी तरीके से प्रस्तुत करने के प्रयासों के लिए दिया गया।
विश्व पर्यटन दिवस के अवसर पर 27 सितंबर को रायपुर में आयोजित ‘सेंट्रल इंडिया कनेक्ट मार्केटप्लेस’ कार्यक्रम में यह सम्मान प्रदान किया गया। आयोजन छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड और छत्तीसगढ़ ट्रैवल ट्रेड एसोसिएशन (CGTTA) के संयुक्त तत्वावधान में हुआ।
धनपुर पर कॉफी टेबल बुक का विमोचन
कार्यक्रम में जीपीएम जिले की प्रमुख पुरातात्विक और सांस्कृतिक धरोहर धनपुर पर आधारित कॉफी टेबल बुक का भी विमोचन किया गया। इसमें धनपुर के ऐतिहासिक महत्व, पुरातात्विक विरासत और पर्यटन की संभावनाओं को तस्वीरों और सामग्री के जरिए आकर्षक तरीके से प्रस्तुत किया गया है।
कॉफी टेबल बुक का विमोचन पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल, छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड के अध्यक्ष नीलू शर्मा, पर्यटन विभाग के सचिव डॉ. एस. भारतीदासन, बोर्ड के प्रबंध संचालक सौमिल रंजन चौबे, जीपीएम कलेक्टर विजय दयाराम के. और जिला पंचायत CEO मुकेश रावटे ने किया।
पर्यटन विकास को मिलेगी नई गति
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिला प्राकृतिक सौंदर्य के साथ पुरातात्विक, धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत के लिए भी जाना जाता है। जिला प्रशासन की ओर से पर्यटन स्थलों की पहचान, संरक्षण और प्रचार-प्रसार के साथ नई पर्यटन संभावनाओं को विकसित करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
धनपुर पर तैयार कॉफी टेबल बुक से इस विरासत को व्यापक पहचान मिलने की उम्मीद है। वहीं ‘सर्वश्रेष्ठ जिला प्रमोशन अवॉर्ड’ से जिले में पर्यटन विकास की गतिविधियों को नई गति मिलने की संभावना है। प्रशासन का उद्देश्य जीपीएम की पर्यटन क्षमता को सामने लाकर इसे प्रमुख पर्यटन गंतव्य के रूप में विकसित करना है।





