धान खरीदी से जल प्रबंधन तक समीक्षा, मुख्य सचिव ने सचिवों को दिए समयबद्ध काम के निर्देश

रायपुर। मंत्रालय महानदी भवन में सोमवार को मुख्य सचिव विकासशील की अध्यक्षता में सभी विभागों के भारसाधक सचिवों की बैठक हुई। इसमें विभागीय योजनाओं, महत्वपूर्ण कार्यों और प्रशासनिक सुधारों की प्रगति की समीक्षा की गई। मुख्य सचिव ने अधिकारियों को निर्धारित लक्ष्यों के लिए स्पष्ट और समयबद्ध कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए।
बैठक में खरीफ विपणन वर्ष के लिए धान खरीदी की सभी जरूरी व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने को कहा गया। लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग को पेयजल योजनाओं की कार्ययोजना बेहतर करने और जल संसाधन विभाग को शहरी एवं औद्योगिक क्षेत्रों में जल प्रबंधन व उपचार की व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश दिए गए।
नगरीय प्रशासन विभाग को विकसित भारत-2047 के विजन के अनुरूप सिटी वाटर प्लान तैयार करने को कहा गया। ग्राम सभा के लिए 15 से 22 अक्टूबर की निर्धारित अवधि में तैयारियां पूरी करने, परिवहन विभाग को ई-व्हीकल को बढ़ावा देने और खाद्य विभाग को सिटी गैस डिस्ट्रीब्यूशन पॉलिसी तैयार करने के निर्देश दिए गए।
जिलों की मॉनिटरिंग के लिए बनेगा स्कोर कार्ड
मुख्य सचिव ने योजनाओं की जिला स्तर पर निगरानी के लिए स्कोर कार्ड को अंतिम रूप देने को कहा। इससे कलेक्टरों के स्तर पर योजनाओं की प्रगति की नियमित समीक्षा हो सकेगी। कोर्ट मॉनिटरिंग सिस्टम को प्रभावी बनाने और पारस पोर्टल से जुड़े प्रस्तावों पर आईटी विभाग के साथ समन्वय के निर्देश भी दिए गए।
ई-गजट पर सभी विधिक नियमों और निर्देशों की संदर्भ प्रतियां अपलोड करने को कहा गया। पेंशन प्रकरणों की विभागवार समीक्षा, एपीएआर को आईगॉट से लिंक करने और कर्मचारियों के क्षमता निर्माण की कार्ययोजना तैयार करने पर भी जोर दिया गया।
30 सितंबर तक रिक्त पदों की जानकारी
विभागों से कर्मचारी चयन मंडल के लिए रिक्त पदों की जानकारी 30 सितंबर तक उपलब्ध कराने को कहा गया। बैठक में लोक सेवा गारंटी अधिनियम, रिफॉर्म उत्सव, ग्राम सभा, सेवा सेतु और फायर सेफ्टी अधिनियम में सुधार पर भी चर्चा हुई।
बताया गया कि सेवा सेतु के माध्यम से वर्तमान में 38 विभागों की 907 सेवाएं ऑनलाइन उपलब्ध हैं। गृह विभाग की सचिव नेहा चम्पावत ने बताया कि एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स के माध्यम से विभिन्न विभागों की सूचनाओं का समेकन कर भारत सरकार को रिपोर्ट भेजी जाएगी।
बैठक में मनोज कुमार पिंगुआ, ऋचा शर्मा, निहारिका बारिक सिंह, मनीष कुमार ठाकुर, सोनमणि बोरा, शहला निगार, पी. दयानंद, मुकेश कुमार समेत अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।





