बीजेपी सुप्रीमो नितिन नवीन के दौरे पर भूपेश का निशाना, बोले- बिहार हारे, अब छत्तीसगढ़ की याद आई

रायपुर। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के छत्तीसगढ़ दौरे को लेकर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि बिहार चुनाव में हार के बाद अब नितिन नवीन छत्तीसगढ़ आ रहे हैं।
पूर्व सीएम बघेल ने तंज कसते हुए कहा कि आज चुनाव हो जाएं तो भाजपा एक इनोवा में सिमट जाएगी। उन्होंने 15 नवंबर को छठ पूजा के दिन प्रस्तावित दौरे को लेकर भी सवाल उठाए।
बघेल ने नगरीय निकाय चुनाव की मतदाता सूची में गड़बड़ी का आरोप लगाते हुए कहा कि प्रदेश में करीब 25 हजार नए मतदाताओं के नाम सूची में नहीं जुड़ पाए हैं। इनमें अकेले भिलाई के लगभग 5 हजार वोटर शामिल हैं। उन्होंने कहा कि फॉर्म-6 भरने की अंतिम तारीख 11 नवंबर थी, लेकिन बड़ी संख्या में युवा मतदाता सूची में जगह नहीं बना पाए। बघेल ने आरोप लगाया कि भाजपा जेन-जी के वोटरों से डर रही है।
42 दिन में कैसे होगी पूरी धान खरीदी?
धान खरीदी को लेकर बघेल ने सरकार से सवाल किया कि जब खरीदी के लिए केवल 42 कार्यदिवस बचे हैं, तो सभी किसानों का धान कैसे खरीदा जाएगा? उन्होंने पूछा कि तय समय में किसान धान नहीं बेच पाए तो सरकार क्या व्यवस्था करेगी। मुख्यमंत्री की आदान राशि संबंधी घोषणा पर भी उन्होंने सवाल उठाए।
पटवारियों की हड़ताल पर सरकार को घेरा
बघेल ने कहा कि पटवारियों की हड़ताल से किसानों के राजस्व रिकॉर्ड में सुधार और नाम संशोधन जैसे काम प्रभावित हो रहे हैं। पोर्टल पर होने वाले इन कामों को पटवारियों के बिना कौन पूरा करेगा, सरकार को इसका जवाब देना चाहिए।
जातिगत गणना पर भी उठाए सवाल
जनगणना-2027 को लेकर बघेल ने केंद्र सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि जातिगत जनगणना को लेकर प्रधानमंत्री की बातों और राजपत्र में स्पष्टता नहीं दिख रही है। उन्होंने ओबीसी वर्ग की गणना सुनिश्चित करने की मांग की। साथ ही कहा कि जनगणना में ओबीसी वर्ग से जुड़ी जानकारी स्पष्ट होनी चाहिए।





