छठ पूजा की तैयारियों का जायजा लेने घाटों पर पहुंचे मंत्री राजेश अग्रवाल

शंकर घाट, महामाया घाट और शिवधारी कॉलोनी छठ घाट का किया निरीक्षण; अधिकारियों को साफ-सफाई, रोशनी और सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश
अंबिकापुर। छठ महापर्व को लेकर अंबिकापुर में तैयारियां तेज हो गई हैं। व्रतियों और श्रद्धालुओं को पूजा के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने गुरुवार को शहर के तीन प्रमुख छठ घाटों का निरीक्षण किया।
उन्होंने शंकर घाट, महामाया घाट और गोधनपुर स्थित शिवधारी कॉलोनी छठ घाट पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान अधिकारियों को साफ-सफाई, पर्याप्त रोशनी और सुरक्षा के इंतजाम समय पर पूरे करने के निर्देश दिए।
मंत्री अग्रवाल ने सबसे पहले शंकर घाट का निरीक्षण किया। यहां उन्होंने घाट परिसर की स्वच्छता, प्रकाश व्यवस्था और श्रद्धालुओं के आवागमन की सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि छठ पूजा के दौरान बड़ी संख्या में लोग घाटों पर पहुंचते हैं। ऐसे में सुरक्षित आवागमन और पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था जरूरी है।
इसके बाद उन्होंने महामाया घाट और शिवधारी कॉलोनी छठ घाट का जायजा लिया। अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी घाटों पर पूजा से पहले व्यवस्थाएं दुरुस्त कर ली जाएं। स्वच्छता के साथ श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा का विशेष ध्यान रखा जाए।
आस्था और सामाजिक एकता का पर्व है छठ
मंत्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि छठ महापर्व सूर्य उपासना, प्रकृति के प्रति कृतज्ञता और पारिवारिक सुख-समृद्धि की कामना का पर्व है। यह हमारी समृद्ध सांस्कृतिक परंपरा और सामाजिक एकता का प्रतीक भी है। व्रती कठिन नियमों और अनुशासन के साथ भगवान सूर्य और छठी मैया की आराधना करते हैं। इसलिए घाटों पर उनके लिए स्वच्छ, सुरक्षित और सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराना जरूरी है।
उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय से काम करने और तैयारियों में किसी तरह की कमी नहीं रखने के निर्देश दिए। साथ ही प्रदेशवासियों को छठ महापर्व की शुभकामनाएं देते हुए सुख, शांति और समृद्धि की कामना की।





