SECL बलगी सब स्टेशन में डकैती: 15-20 नकाबपोश बदमाशों ने गार्ड को पीटा, मोबाइल समेत सामान लूटा; CCTV फुटेज सामने

कोरबा। जिले के SECL बलगी सब स्टेशन में देर रात हथियारों से लैस नकाबपोश बदमाशों ने डकैती की वारदात को अंजाम दिया। करीब 15 से 20 बदमाश सब स्टेशन परिसर में घुसे और ड्यूटी पर तैनात सुरक्षा गार्ड पर हमला कर दिया।
बदमाशों ने डंडे, चाकू और लोहे की रॉड से गार्ड को पीटा। हमले में उसके सिर और हाथ में गंभीर चोटें आई हैं। बदमाश गार्ड का मोबाइल और अन्य सामान लूटकर मौके से फरार हो गए।
घायल सुरक्षा गार्ड संजय कुमार को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना से जुड़ा CCTV फुटेज भी सामने आया है, जिसमें बदमाशों की गतिविधियां कैद होने की बात सामने आई है। मामला बांकी मोंगरा थाना क्षेत्र का है।
रात 11:10 बजे परिसर में घुसे बदमाश
गार्ड संजय कुमार के मुताबिक, वह रात की शिफ्ट में अकेले ड्यूटी कर रहे थे। रात करीब 11:10 बजे 15 से 20 नकाबपोश बदमाश अचानक सब स्टेशन परिसर में घुस आए। इससे पहले कि वह कुछ समझ पाते, बदमाशों ने उन पर हमला कर दिया।
हथियारों से लैस आरोपियों ने डंडे, चाकू और लोहे की रॉड से मारपीट की। हमले में उनके सिर और हाथ पर गंभीर चोटें आईं। वारदात के बाद बदमाश सब स्टेशन परिसर से फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
पहले भी हो चुकी हैं चोरी की घटनाएं
गार्ड ने बताया कि सब स्टेशन में पहले भी चोरी की घटनाएं सामने आती रही हैं। इसके बावजूद रात में केवल एक सुरक्षा गार्ड की ड्यूटी लगाई जाती है। उनका कहना है कि अकेले ड्यूटी करने के कारण जान का खतरा बना रहता है।
उन्होंने बताया कि कुछ समय पहले सुरक्षा के लिए अतिरिक्त जवान तैनात किए गए थे, लेकिन बाद में उन्हें वापस बुला लिया गया। परिसर में पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था भी नहीं है। ऐसे में अंधेरे का फायदा उठाकर बदमाश आसानी से वारदात को अंजाम दे देते हैं।
CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
बांकी मोंगरा थाना प्रभारी चमन सिन्हा ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस बदमाशों की पहचान और उनकी तलाश में जुटी है। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।





