तीन मासूमों के सामने पत्नी की फावड़े से हत्या: जमीन बेचने को लेकर विवाद; डर के मारे बच्चे पूरी रात घर में दुबके रहे

बिश्रामपुर। सूरजपुर कोतवाली क्षेत्र के सपकरा गांव में नाबालिग बच्चों के सामने पत्नी की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है।
जमीन बेचने को लेकर हुए विवाद में पति ने पहले लोहे के पाइप से पत्नी पर हमला किया और फिर फावड़े से सिर पर कई वार कर उसकी जान ले ली। घटना के बाद तीनों बच्चे इतने डर गए कि पूरी रात घर में ही दुबके रहे। शनिवार सुबह उन्होंने पड़ोसियों को घटना की जानकारी दी।
पुलिस के मुताबिक, सपकरा निवासी भुनेश्वर राजवाड़े (40) ने अपने हिस्से की करीब दो एकड़ जमीन पहले ही बेच दी थी। इसके बाद उसके पिता ने बची जमीन अपने तीनों नाबालिग पोतों के नाम कर दी थी।
आरोप है कि भुनेश्वर बच्चों के नाम दर्ज जमीन को भी बेचना चाहता था। उसकी पत्नी रामबाई राजवाड़े (38) इसका विरोध करती थी। इसी बात को लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था।
डेढ़ घंटे तक चला विवाद, फिर किया हमला
शुक्रवार रात करीब 11 बजे जमीन बेचने के मुद्दे पर पति-पत्नी के बीच फिर विवाद शुरू हुआ। करीब डेढ़ घंटे तक दोनों के बीच कहासुनी होती रही। आरोप है कि गुस्से में भुनेश्वर ने रामबाई पर लोहे के पाइप से हमला कर दिया।
जान बचाने के लिए रामबाई घर से बाहर भागने लगी, लेकिन आरोपी उसे घसीटकर वापस परछी में ले आया। इसके बाद फावड़े से उसके सिर पर लगातार कई वार किए। गंभीर चोटों के कारण रामबाई की मौके पर ही मौत हो गई।
बच्चों को भी दी जान से मारने की धमकी
हत्या के दौरान घर में मौजूद तीनों नाबालिग बच्चे शोर मचाने लगे। आरोप है कि भुनेश्वर ने उन्हें भी जान से मारने की धमकी दी। इससे बच्चे बुरी तरह डर गए और पूरी रात घर में चुपचाप छिपे रहे। सुबह उन्होंने पड़ोसियों को घटना बताई, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
भागते आरोपी को पुलिस ने पकड़ा
सूचना मिलते ही कोतवाली प्रभारी एसआर भगत टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घेराबंदी कर घर से करीब एक किलोमीटर दूर भागने की कोशिश कर रहे भुनेश्वर को गिरफ्तार कर लिया। हत्या में इस्तेमाल फावड़ा भी जब्त किया गया। आरोपी के खिलाफ BNS की धारा 103(1) के तहत केस दर्ज कर उसे कोर्ट में पेश किया गया, जहां से न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।





