दूसरे की बेकरी में नौकरी से अपना कारोबार तक पहुंची दिलीप-सावित्री की जोड़ी

PMEGP से शुरू किया ‘गुड मॉर्निंग बेकरी’ कारोबार, खुद आत्मनिर्भर बने और 10 लोगों को दिया रोजगार
रायपुर। कोरिया जिले के ग्राम ओड़गी के दिलीप और सावित्री गुप्ता ने प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम (PMEGP) का लाभ लेकर अपने सपने को कारोबार में बदल दिया। कभी दूसरी बेकरी में काम करने वाले दिलीप आज अपनी बेकरी के संचालक हैं। ‘गुड मॉर्निंग बेकरी’ के जरिए वे खुद आत्मनिर्भर बने हैं और करीब 10 लोगों को रोजगार भी दे रहे हैं।
पांच साल बेकरी में काम कर सीखा हुनर
आर्थिक रूप से कमजोर परिवार से आने वाले दिलीप ने करीब पांच वर्षों तक दूसरी बेकरी में काम किया। इस दौरान उन्होंने बेकरी उत्पाद बनाने, गुणवत्ता, बाजार और ग्राहकों की पसंद को समझा। वर्ष 2023-24 में बैकुंठपुर विधायक भैयालाल राजवाड़े के माध्यम से उन्हें PMEGP की जानकारी मिली। इसके बाद दिलीप और सावित्री ने अपना कारोबार शुरू करने का फैसला किया।
10 लाख के ऋण से शुरू हुआ उद्योग
सावित्री ने योजना के तहत करीब 10 लाख रुपए का ऋण लिया। परिवार ने 2 से 3 लाख रुपए की राशि भी लगाई। इसके बाद करीब 10 से 12 हजार वर्गफीट क्षेत्र में ‘गुड मॉर्निंग बेकरी’ शुरू की गई। यहां ब्रेड, टोस्ट, बिस्किट, केक और अन्य बेकरी उत्पाद तैयार किए जाते हैं। कच्चा माल अनूपपुर, मनेंद्रगढ़, बैकुंठपुर और आसपास के क्षेत्रों से मंगाया जाता है।
बैकुंठपुर से सूरजपुर तक पहुंच रहे उत्पाद
दिलीप का बेकरी का अनुभव और सावित्री का आत्मविश्वास कारोबार की ताकत बना। बेकरी के उत्पाद अब बैकुंठपुर के अलावा कुदरगढ़, खर्रा और सूरजपुर तक पहुंच रहे हैं। कारोबार बढ़ने के साथ करीब 10 लोगों को रोजगार भी मिला है।
सावित्री का कहना है कि PMEGP से मिले आर्थिक सहयोग ने उनके लिए अपना व्यवसाय शुरू करना संभव बनाया। दिलीप ने कहा कि दूसरी बेकरी में काम के दौरान सीखे अनुभव को उन्होंने अपने कारोबार में इस्तेमाल किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति आभार जताते हुए दंपती ने कहा कि योजना ने उन्हें अपने पैरों पर खड़े होने का अवसर दिया।





