ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

नशामुक्त छत्तीसगढ़ से ही विकसित छत्तीसगढ़ की नींव मजबूत होगी: CM साय

देवेंद्र नगर चौक से लाल चौक तक निकली नशामुक्ति पदयात्रा में शामिल हुए मुख्यमंत्री; युवाओं से नशे से दूर रहने की अपील

रायपुर, 30 सितंबर 2026। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय बुधवार को राजधानी में देवेंद्र नगर चौक से लाल चौक तक निकाली गई नशामुक्ति पदयात्रा में शामिल हुए। स्कूली छात्र-छात्राओं, युवाओं, महिलाओं, जनप्रतिनिधियों और नागरिकों के साथ मुख्यमंत्री ने पदयात्रा कर नशामुक्त समाज का संदेश दिया। समापन पर उन्होंने लाल चौक स्थित सरदार वल्लभभाई पटेल की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि नशामुक्त और स्वस्थ छत्तीसगढ़ ही विकसित छत्तीसगढ़ की मजबूत नींव बनेगा। नशे का असर केवल व्यक्ति तक सीमित नहीं रहता, बल्कि पूरे परिवार और समाज को प्रभावित करता है। उन्होंने लोगों से स्वयं नशे से दूर रहने और दूसरों को भी नशामुक्त जीवन के लिए प्रेरित करने की अपील की।

साय ने कहा कि युवा प्रदेश की सबसे बड़ी ताकत हैं। सरकार युवाओं को शिक्षा, कौशल विकास, रोजगार, स्वरोजगार, खेल और उद्यमिता से जोड़ने के लिए काम कर रही है। हमारा लक्ष्य है कि युवा अपनी ऊर्जा सकारात्मक कार्यों में लगाकर प्रदेश के विकास में भागीदार बनें।

25 सितंबर से 2 अक्टूबर तक नशामुक्ति पदयात्रा सप्ताह

मुख्यमंत्री ने बताया कि सेवा संकल्प अभियान के तहत 25 सितंबर से 2 अक्टूबर तक नशामुक्ति पदयात्रा सप्ताह आयोजित किया जा रहा है। उन्होंने विधायक पुरंदर मिश्रा द्वारा पिछले 27 वर्षों से नशामुक्ति, स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण जैसे विषयों पर पदयात्रा निकालने की सराहना की।

साय ने कहा कि सामाजिक बदलाव केवल सरकारी प्रयासों से संभव नहीं है। इसमें जनभागीदारी जरूरी है। उन्होंने युवाओं से नशामुक्ति का संदेश परिवार, मित्रों और समाज तक पहुंचाने का आह्वान किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बस्तर में शांति और विकास के साथ शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, संचार और रोजगार के अवसर बढ़ाए जा रहे हैं। नई औद्योगिक नीति के जरिए सेमीकंडक्टर और डेटा सेंटर जैसे क्षेत्रों में निवेश को बढ़ावा दिया जा रहा है, जिससे युवाओं के लिए रोजगार और कौशल विकास के नए अवसर बनेंगे।

पदयात्रा में राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा, विधायक पुरंदर मिश्रा, संजय श्रीवास्तव, गौरीशंकर श्रीवास, मोना सेन, अमरजीत छाबड़ा, ममता साहू सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और नागरिक मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button