रेडियो के ‘दीदी के गोठ’ से महिलाओं को मिल रही आत्मनिर्भरता की प्रेरणा: CM साय

एक साल में 12 एपिसोड, हजारों महिलाओं तक पहुंचीं सफलता की कहानियां; कॉफी टेबल बुक, ‘बिहान वाणी’ और ‘मोर गांव मोर पानी’ पुस्तक का विमोचन
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि रेडियो कार्यक्रम ‘दीदी के गोठ’ प्रदेश की महिलाओं के लिए प्रेरणा, नवाचार और आत्मनिर्भरता का सशक्त मंच बन चुका है।
राजधानी रायपुर के पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में आयोजित ‘दीदी के गोठ’ वार्षिकोत्सव-2026 एवं संकुल स्तरीय संगठन सम्मेलन में उन्होंने कहा कि एक सफल महिला की कहानी हजारों अन्य महिलाओं को आगे बढ़ने का हौसला देती है। यही इस कार्यक्रम की सबसे बड़ी उपलब्धि है।
मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर ‘दीदी के गोठ’ कॉफी टेबल बुक, ‘बिहान वाणी’ त्रैमासिक पत्रिका और ‘मोर गांव मोर पानी’ पुस्तक का विमोचन किया।
उन्होंने विभिन्न जिलों की सफल महिलाओं को सम्मानित किया और 12 एपिसोड पर आधारित प्रदर्शनी व फोटो गैलरी का अवलोकन कर स्व-सहायता समूहों की महिलाओं से संवाद किया।
दुर्ग की लखपति दीदी विद्या निषाद से वर्चुअल चर्चा के दौरान उन्होंने उनके संघर्ष और सफलता की सराहना की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘दीदी के गोठ’ का प्रसारण पिछले एक वर्ष से हर महीने के दूसरे गुरुवार को किया जा रहा है।
अब तक 12 एपिसोड में लखपति दीदी, ड्रोन दीदी, कृषि सखी, पशु सखी, वित्तीय समावेशन, साइबर सुरक्षा, वनोपज संग्रहण और स्वरोजगार जैसे विषयों पर जानकारी दी जा चुकी है।
उन्होंने कहा कि महिलाएं आज ड्रोन संचालन, जैविक खेती, पशुपालन, कैटरिंग, राजमिस्त्री और अन्य व्यवसायों से जुड़कर आर्थिक रूप से मजबूत हो रही हैं।
मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य सरकार ने महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए महतारी वंदन योजना के तहत करीब 70 लाख महिलाओं के खातों में अब तक 28 किश्तों के जरिए लगभग 18 हजार करोड़ रुपए हस्तांतरित किए हैं।
प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 18 लाख आवास स्वीकृत हुए हैं, जिनमें से 11 लाख पूरे हो चुके हैं।
कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि सरकार का लक्ष्य अधिक से अधिक महिलाओं को लखपति दीदी बनाना है।
महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण को प्रदेश के विकास का आधार बताया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्व-सहायता समूहों की महिलाएं, जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।





