ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

मंच से बोलीं BJP विधायक शकुंतला पोर्ते- मेरा बस चले तो पूरे क्षेत्र को शराब मुक्त कर दूं, VIDEO वायरल

सूरजपुर। छत्तीसगढ़ के प्रतापपुर से भाजपा विधायक शकुंतला पोर्ते का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। एक सार्वजनिक कार्यक्रम में मंच से संबोधित करते हुए उन्होंने शराबबंदी और नशामुक्त समाज की वकालत की।

उन्होंने कहा, “मेरा बस चले तो पूरे विधानसभा क्षेत्र को शराब मुक्त कर दूं।” उनके इस बयान के बाद प्रदेश में शराबबंदी को लेकर एक बार फिर चर्चा तेज हो गई है।

विधायक शकुंतला पोर्ते ने कहा कि किसी व्यक्ति को जबरन शराब छोड़ने के लिए मजबूर नहीं किया जा सकता, लेकिन समाज और परिवार की भलाई के लिए लोगों को स्वयं आगे आकर नशे से दूरी बनानी चाहिए।

उन्होंने लोगों से शराब और अन्य नशे की आदतों को छोड़कर स्वस्थ और सकारात्मक जीवन अपनाने की अपील की।

अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि यदि एक व्यक्ति भी गलत रास्ते पर जाने से बचता है, तो उसका सकारात्मक असर पूरे परिवार और समाज पर पड़ता है।

उनका मानना है कि नशामुक्त समाज ही मजबूत, सुरक्षित और विकसित समाज की नींव है। इससे सामाजिक वातावरण बेहतर होगा और क्षेत्र के विकास को भी नई गति मिलेगी।

विधायक ने विधानसभा क्षेत्र को नशामुक्त बनाने की अपनी इच्छा दोहराते हुए लोगों से इस अभियान में जनभागीदारी बढ़ाने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि केवल सरकारी प्रयासों से नहीं, बल्कि समाज की सहभागिता से ही नशे के खिलाफ प्रभावी लड़ाई लड़ी जा सकती है।

शकुंतला पोर्ते का यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से साझा किया जा रहा है।

उनके बयान पर लोगों की मिली-जुली प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। कई लोग उनके नशामुक्त समाज के संदेश की सराहना कर रहे हैं, वहीं छत्तीसगढ़ में शराबबंदी को लेकर राजनीतिक चर्चा भी एक बार फिर तेज हो गई है।

देखे वीडियो

Related Articles

Back to top button