छत्तीसगढ़ में नई श्रम संहिताओं के लागू होने की तैयारी तेज,केंद्र ने की समीक्षा;नए नियमों के क्रियान्वयन पर मंथन

रायपुर। छत्तीसगढ़ में नवीन श्रम संहिताओं (New Labour Codes) के प्रभावी क्रियान्वयन की तैयारियां तेज हो गई हैं।
इसी सिलसिले में भारत सरकार के श्रम एवं रोजगार मंत्रालय के संयुक्त सचिव डॉ. महेंद्र कुमार ने गुरुवार को नया रायपुर स्थित छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल के सभागार में आयोजित उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक में राज्य की तैयारियों का जायजा लिया।
बैठक में श्रमिक कल्याण, सामाजिक सुरक्षा और श्रम कानूनों के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर विस्तृत चर्चा हुई।
बैठक में केंद्र सरकार की चारों प्रमुख श्रम संहिताओं—वेतन संहिता-2019, औद्योगिक संबंध संहिता-2020, सामाजिक सुरक्षा संहिता-2020 तथा व्यावसायिक सुरक्षा, स्वास्थ्य एवं कार्य-परिस्थितियां संहिता-2020 के तहत राज्य सरकार द्वारा जारी अधिसूचनाओं और उनके अनुपालन की बिंदुवार समीक्षा की गई।
अधिकारियों ने बताया कि इन संहिताओं को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए विभाग पूरी तरह तैयार है। समीक्षा बैठक में श्रम विभाग ने राज्य में श्रमिकों के हित में संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं, सामाजिक सुरक्षा कार्यक्रमों और डिजिटल पहलों की जानकारी भी प्रस्तुत की।
अधिकारियों ने बताया कि ऑनलाइन सेवाओं और तकनीकी नवाचारों के जरिए श्रम प्रशासन को अधिक पारदर्शी, जवाबदेह और प्रभावी बनाया जा रहा है, जिससे श्रमिकों और नियोजकों दोनों को लाभ मिलेगा।
बैठक में यह भी बताया गया कि भारत सरकार की श्रम संहिताओं के अनुरूप राज्य स्तर पर नियमों के निर्माण की प्रक्रिया अंतिम चरण में है।
नियम लागू होने के बाद लाखों श्रमिकों और उद्योगों को सरल, पारदर्शी और समयबद्ध सेवाओं का लाभ मिलेगा। इससे श्रमिकों के अधिकारों की सुरक्षा के साथ उद्योगों के लिए भी अनुपालन प्रक्रिया आसान होगी।
बैठक में श्रम विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के अलावा कर्मचारी राज्य बीमा निगम (ESIC) के प्रतिनिधि और केंद्र एवं राज्य सरकार के विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। सभी ने नई श्रम व्यवस्था को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए समन्वय और समयबद्ध कार्रवाई पर जोर दिया।





