खैर लकड़ी तस्करी सिंडिकेट पर कार्रवाई, 3.61 करोड़ कैश जब्त; मुख्य आरोपी संजय छापरिया हरिद्वार से गिरफ्तार

महासमुंद। छत्तीसगढ़ की महासमुंद पुलिस ने खैर लकड़ी की तस्करी से जुड़े अंतरराज्यीय गिरोह के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। पुलिस ने ओडिशा, हिमाचल प्रदेश, हरियाणा और मध्यप्रदेश समेत कई राज्यों में दबिश दी। इस दौरान 95 लाख रुपए की अतिरिक्त नकदी जब्त की गई। अब तक मामले में कुल 3 करोड़ 61 लाख 52 हजार 880 रुपए कैश बरामद हो चुके हैं।
पुलिस ने जानलेवा हमले के मामले में फरार चल रहे मुख्य आरोपी संजय छापरिया को हरिद्वार से गिरफ्तार किया है। खैर लकड़ी के कारोबार में प्रतिस्पर्धा के चलते हमले की घटना हुई थी। आरोपी की गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने गिरोह से जुड़े अन्य ठिकानों पर भी कार्रवाई की।
ओडिशा और हिमाचल में मिले 95 लाख रुपए
पुलिस के मुताबिक, ओडिशा के बरगढ़ में संजय छापरिया के घर से 45 लाख रुपए और उसके सहयोगी टैक्स कंसल्टेंट के घर से 15 लाख रुपए नकद जब्त किए गए। वहीं, हिमाचल प्रदेश में एक अन्य ठिकाने से 35 लाख रुपए बरामद हुए। इससे पहले हिमाचल प्रदेश से 1.70 करोड़ रुपए जब्त किए जा चुके हैं।
70 टन लकड़ी और 9 वाहन जब्त
जांच के दौरान अब तक 70 टन अवैध खैर लकड़ी और तस्करी में इस्तेमाल किए जा रहे 9 वाहन जब्त किए गए हैं। इन वाहनों की अनुमानित कीमत करीब 1 करोड़ रुपए बताई गई है।
फर्जी NOC और बिलिंग से तस्करी
पुलिस की जांच में खैर लकड़ी के अवैध परिवहन के लिए फर्जी अनापत्ति प्रमाणपत्र (NOC) और बिलिंग के इस्तेमाल का मामला सामने आया है। पुलिस इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है।
मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS), आर्म्स एक्ट और वन अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है। अपराध से अर्जित संपत्ति की कुर्की के लिए भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 107 के तहत भी वैधानिक प्रक्रिया शुरू की गई है।





