पुलिसकर्मियों को धक्का देकर रायपुर कोर्ट से कैदी फरार, पुलिस जुटी तलाश में

रायपुर। राजधानी रायपुर में कोर्ट परिसर से पुलिस अभिरक्षा में लाया गया गांजा तस्करी का आरोपी फरार हो गया। बिहार निवासी आरोपी बबलू कुमार राय सेंट्रल जेल रायपुर से पेशी के लिए न्यायालय पहुंचा था।
इसी दौरान उसने पुलिसकर्मी को जोरदार धक्का दिया और हथकड़ी छुड़ाकर भाग निकला। पुलिसकर्मियों ने कोर्ट परिसर और आसपास उसकी तलाश की, लेकिन वह नहीं मिला। मामले में सिविल लाइन थाने में FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। आरोपी बबलू कुमार राय बिहार के वैशाली जिले के राघवपुर थाना क्षेत्र का रहने वाला है। उसको डीआरआई की टीम ने गांजा तस्करी के साथ पकड़ा था।
कोर्ट परिसर में दिया पुलिस को चकमा
पुलिसकर्मी संजय गिरी की शिकायत के मुताबिक, 23 अक्टूबर को आरोपी को न्यायालय में पेश करने की ड्यूटी लगाई गई थी। SI यादव के नेतृत्व में पुलिसकर्मियों की टीम उसे लेकर NDPS कोर्ट पहुंची थी। शाम करीब 5:45 बजे आरोपी को न्यायालय ले जाते समय उसने अचानक पुलिसकर्मी को जोरदार धक्का दिया।
इसके बाद आरोपी ने हाथ से हथकड़ी निकाल ली और पुलिस को चकमा देकर भाग गया। घटना के बाद पुलिसकर्मियों ने न्यायालय परिसर में उसकी तलाश की। मुल्जिम पेशी प्रभारी SI यादव और अन्य कर्मचारियों ने भी अलग-अलग जगहों पर खोजबीन की, लेकिन आरोपी का पता नहीं चला।
पुलिस अभिरक्षा से फरारी का केस दर्ज
आरक्षक संजय गिरी ने घटना की लिखित शिकायत सिविल लाइन थाने में दी। आवेदन के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 262 के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना में लिया है। पुलिस अब फरार आरोपी की तलाश कर रही है। कोर्ट परिसर से पुलिस अभिरक्षा में आरोपी के भागने की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े किए हैं।





