ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

PWD अफसर फील्ड में दिखाएं क्षमता, काम में लाएं नई कार्यसंस्कृति: डिप्टी CM अरुण साव

सितंबर-अक्टूबर तक नए कार्यों के आदेश जारी करने के निर्देश, लापरवाह ठेकेदारों को ब्लैकलिस्ट करने की चेतावनी

रायपुर। उप मुख्यमंत्री एवं लोक निर्माण मंत्री अरुण साव ने गुरुवार को नवा रायपुर स्थित निर्माण भवन में लोक निर्माण विभाग के निर्माणाधीन और प्रस्तावित कार्यों की समीक्षा की।

उन्होंने अधिकारियों को सभी परियोजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग करने, फील्ड में जाकर निर्माण कार्यों का निरीक्षण करने और ठेकेदारों के साथ बेहतर समन्वय बनाकर समय पर कार्य पूरा कराने के निर्देश दिए।

बैठक में विभाग के सचिव मुकेश कुमार बंसल और प्रमुख अभियंता वी.के. भतपहरी भी मौजूद रहे।

अरुण साव ने कहा कि विभाग के अभियंताओं की दक्षता और क्षमता जमीन पर दिखाई देनी चाहिए।

उन्होंने पुरानी कार्यशैली बदलकर परिणाम आधारित नई कार्यसंस्कृति अपनाने पर जोर दिया।

उन्होंने सभी आवश्यक प्रशासनिक और तकनीकी प्रक्रियाएं तेजी से पूरी कर सितंबर-अक्टूबर तक नए कार्यों के कार्यादेश जारी करने के निर्देश दिए, ताकि बारिश समाप्त होते ही निर्माण कार्य पूरी गति से शुरू हो सकें।

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि लोक निर्माण विभाग राज्य के विकास का ‘ग्रोथ इंजन’ है।

सड़क, पुल-पुलिया, शासकीय भवन, स्कूल, कॉलेज, ऑडिटोरियम और अन्य अधोसंरचना परियोजनाओं को तय समय-सीमा में पूरा करना विभाग की बड़ी जिम्मेदारी है।

उन्होंने सभी निर्माण एजेंसियों और ठेकेदारों को अनुबंध में तय माइलस्टोन के अनुसार कार्य पूरा कराने के निर्देश दिए।

साव ने अधिकारियों से ठेकेदारों के बिल समय पर तैयार कर हर महीने भुगतान सुनिश्चित करने को कहा।

साथ ही जिन ठेकेदारों की प्रगति संतोषजनक नहीं है, उन्हें ब्लैकलिस्ट करने और आवश्यक होने पर अनुबंध समाप्त करने के निर्देश भी दिए।

उन्होंने पहुंचविहीन गांवों तक सालभर सड़क संपर्क बनाए रखने के लिए सड़क और पुलों के प्रस्ताव प्राथमिकता से तैयार करने तथा भू-अर्जन से जुड़े मामलों में तेजी लाने के लिए राजस्व विभाग के साथ संयुक्त कार्यशालाएं आयोजित करने को कहा।

बैठक में सचिव मुकेश कुमार बंसल ने मुख्यमंत्री, उप मुख्यमंत्री, मंत्रियों और विधायकों द्वारा अनुशंसित कार्यों के प्राक्कलन 31 अगस्त तक भेजने के निर्देश दिए।

उन्होंने निर्माण पूर्ण होने के बाद ऑडिटोरियम और अन्य भवनों को संबंधित विभागों को शीघ्र हस्तांतरित करने पर भी जोर दिया।

Related Articles

Back to top button