ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

डुमरतराई थोक बाजार फेस-2 का नाम सरदार पटेल के नाम पर होगा: 15 फीट ऊंची प्रतिमा भी लगेगी

CM साय बोले- नया थोक बाजार व्यापार और रोजगार का ग्रोथ इंजन बनेगा, रायपुर सहित पूरे प्रदेश को मिलेगा लाभ

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने रायपुर के डुमरतराई में छत्तीसगढ़ गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मंडल द्वारा विकसित नवीन थोक बाजार फेस-2 का लोकार्पण किया।

इस दौरान उन्होंने घोषणा की कि परिसर का नामकरण ‘लौह पुरुष’ सरदार वल्लभभाई पटेल के नाम पर किया जाएगा। साथ ही यहां स्टैच्यू ऑफ यूनिटी की तर्ज पर उनकी 15 फीट ऊंची प्रतिमा भी स्थापित की जाएगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरदार पटेल ने देश की एकता और अखंडता को मजबूत करने में ऐतिहासिक भूमिका निभाई थी। उनके नाम पर इस आधुनिक व्यापारिक परिसर का नामकरण राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान को श्रद्धांजलि है।

उन्होंने कहा कि डुमरतराई का नया थोक बाजार व्यापार और रोजगार का नया ग्रोथ इंजन बनेगा तथा रायपुर समेत पूरे छत्तीसगढ़ की अर्थव्यवस्था को नई गति देगा।

उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय राजमार्ग-30 पर करीब 36 एकड़ क्षेत्र में विकसित इस आधुनिक परिसर में चौड़ी सड़कें, पर्याप्त पार्किंग, सुव्यवस्थित यातायात व्यवस्था और आधुनिक व्यापारिक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। इससे व्यापारियों की वर्षों पुरानी मांग पूरी होगी और शहर के भीतर बढ़ते यातायात दबाव में भी कमी आएगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ‘ईज ऑफ डूइंग बिजनेस’ के साथ-साथ ‘ईज ऑफ लिविंग’ पर भी समान रूप से ध्यान दे रही है। व्यापार, उद्योग और निवेश को बढ़ावा देने के लिए कई सुधार किए गए हैं, जिनका सकारात्मक असर प्रदेश की अर्थव्यवस्था पर दिखाई दे रहा है।

उन्होंने कहा कि गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मंडल अब केवल आवास निर्माण तक सीमित नहीं है, बल्कि अधोसंरचना विकास की बड़ी परियोजनाओं में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।

आवास एवं पर्यावरण मंत्री ओ.पी. चौधरी ने कहा कि यह परियोजना व्यापारियों को आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ रायपुर की यातायात व्यवस्था को भी बेहतर बनाएगी।

उल्लेखनीय है कि डुमरतराई थोक बाजार के पहले चरण में 76 करोड़ रुपए की लागत से 536 दुकानें और दूसरे चरण में 145 करोड़ रुपए की लागत से 154 स्वतंत्र व्यावसायिक दुकानें बनाई गई हैं। दोनों चरण पूरे होने के बाद प्रदेश को आधुनिक और सुव्यवस्थित थोक बाजार की सौगात मिली है।

Related Articles

Back to top button