छत्तीसगढ़ में OTS-2 योजना से 251 करोड़ की संपत्तियां बिकीं, 30% तक छूट

रायपुर। छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल की वन टाइम सेटलमेंट योजना-2 (OTS-2) के तहत अब तक 1,659 आवासीय और व्यावसायिक संपत्तियां बिक चुकी हैं। इनकी कुल कीमत 251.71 करोड़ रुपए है।
योजना में शामिल कुल 2,656 संपत्तियों में से 62.5% का विक्रय हो चुका है। अब 997 संपत्तियां बिक्री के लिए शेष हैं, जिनकी कीमत 134.40 करोड़ रुपए है।
योजना के तहत पात्र संपत्तियों की खरीद पर मार्च 2027 तक 10 से 30% तक छूट मिलेगी। इसका उद्देश्य लंबे समय से खाली पड़े मकानों और व्यावसायिक परिसरों का विक्रय कराना और आम लोगों को रियायती दरों पर संपत्ति खरीदने का अवसर देना है।
पुरानी योजना से बेहतर रहा प्रदर्शन
पूर्व में सितंबर 2021 से मार्च 2024 तक संचालित OTS योजना में 2,591 संपत्तियां बिक्री के लिए रखी गई थीं। इनमें से 506 संपत्तियां बिकी थीं। उस दौरान विक्रय का प्रतिशत 17.27% रहा था। इसके मुकाबले OTS-2 में अब तक 62.5% संपत्तियों का विक्रय हो चुका है।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की अध्यक्षता में 19 जनवरी 2025 को हुई कैबिनेट बैठक में पांच साल से अधिक समय से खाली संपत्तियों को निर्धारित छूट के साथ बेचने का निर्णय लिया गया था। इसके बाद 1 मार्च 2025 से OTS-2 योजना शुरू की गई।
लिफ्ट और मरम्मत की व्यवस्था सुधारने के निर्देश
मंडल आयुक्त अवनीश कुमार शरण ने 23 अक्टूबर को योजना की समीक्षा की। उन्होंने शेष संपत्तियों की बिक्री में तेजी लाने के साथ आवासीय परिसरों में लिफ्ट, भवनों की मरम्मत, रखरखाव और दूसरी बुनियादी सुविधाएं दुरुस्त करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सुविधाएं बेहतर होने से खरीदारों का भरोसा बढ़ेगा।
रायपुर, नवा रायपुर और दुर्ग में चलेंगे आवास रथ
योजना के प्रचार-प्रसार के लिए रायपुर, नवा रायपुर और दुर्ग में आवास रथ शुरू किए जाएंगे। इनके माध्यम से लोगों को उपलब्ध संपत्तियों की जानकारी देने के साथ प्रत्यक्ष अवलोकन कराया जाएगा। मंडल की संपत्तियां बिलासपुर, जगदलपुर, धमतरी, राजनांदगांव, रायगढ़, कोरबा समेत कई जिलों में भी उपलब्ध हैं।
इच्छुक खरीदार संबंधित कार्यालयों से कीमत, लोकेशन, सुविधाओं और छूट की जानकारी ले सकते हैं। योजना के तहत विशेष छूट का लाभ मार्च 2027 तक निर्धारित शर्तों के अनुसार मिलेगा।





