ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

सरकार बनने के बाद 11 लाख से ज्यादा प्रधानमंत्री आवास पूरे: CM साय ने हितग्राहियों को सौंपी चाबी

‘मोर गांव–मोर पानी’ अभियान की उपलब्धियों पर कॉम्पेंडियम का विमोचन, जल संरक्षण कार्यों को मिली नई पहचान

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि राज्य सरकार ने गठन के बाद प्रधानमंत्री आवास योजना को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए रिकॉर्ड समय में 11 लाख से अधिक आवासों का निर्माण पूरा कराया है।

राजधानी रायपुर स्थित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने 11 लाख आवास पूर्ण होने के उपलक्ष्य में 11 हितग्राहियों को नए घरों की प्रतीकात्मक चाबी सौंपी।

इस दौरान उन्होंने ‘मोर गांव–मोर पानी’ महाअभियान के उत्कृष्ट कार्यों पर आधारित कॉम्पेंडियम का भी विमोचन किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने गठन के तुरंत बाद पहली कैबिनेट बैठक में 18 लाख प्रधानमंत्री आवासों के लिए राशि जारी करने का फैसला लिया था।

इसके बाद लगातार प्रयासों से ढाई वर्षों में 11 लाख से अधिक आवास पूरे किए गए। इनमें पिछले वित्तीय वर्ष में लगभग 6 लाख आवासों का निर्माण पूरा हुआ, जो एक वर्ष में देश में सर्वाधिक आवास पूर्ण करने की उपलब्धि है।

वहीं चालू वित्तीय वर्ष के पहले 100 दिनों (1 अप्रैल से 9 जुलाई) में ही 1.51 लाख आवास तैयार किए गए हैं। यानी प्रदेश में प्रतिदिन औसतन 1,500 से अधिक आवास पूरे हो रहे हैं।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने ‘मोर गांव–मोर पानी’ महाअभियान की उपलब्धियों पर आधारित पुस्तिका का भी विमोचन किया।

24 अप्रैल 2025 को पंचायती राज दिवस पर शुरू हुए इस जनभागीदारी आधारित अभियान के तहत महात्मा गांधी नरेगा और वीबी-जीरामजी योजना के माध्यम से 2,000 करोड़ रुपए से अधिक लागत के एक लाख से ज्यादा जल संरक्षण एवं संवर्धन कार्य स्वीकृत और क्रियान्वित किए जा रहे हैं।

आजीविका डबरी, नवा तरिया, कंटूर ट्रेंच जैसी संरचनाओं के जरिए भूजल संरक्षण और ग्रामीण आजीविका को मजबूती मिल रही है।

कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री एवं पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री विजय शर्मा, महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े, कौशल विकास मंत्री गुरु खुशवंत साहेब सहित जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ अधिकारी और बड़ी संख्या में हितग्राही उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button