ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

10 लाख की उधारी से बचने सुहागा मिलाकर पिलाई शराब, पार्षद समेत 2 की मौत

जांजगीर-चांपा में क्लिनिक संचालक और बसपा पार्षद की हत्या का आरोप; आरोपी गिरफ्तार, पुलिस ने शराब की बोतल और सुहागा की पुड़िया जब्त की

जांजगीर-चांपा। छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा में 10 लाख रुपए की उधारी से बचने के लिए शराब में सुहागा मिलाकर दो लोगों की हत्या करने का मामला सामने आया है। मृतकों में बसपा पार्षद रामखिलावन जांगड़े (55) और निजी क्लिनिक संचालक जोहितराम खरे (52) शामिल हैं। पुलिस ने मामले में पनगांव निवासी राजा खरे उर्फ कमलनाथ खरे को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने करीब चार महीने पहले जोहित खरे से 10 लाख रुपए उधार लिए थे। ट्रेडिंग में नुकसान होने के बाद वह रकम लौटाने के दबाव में था। उसने पैसे वापस मांगने से परेशान होकर जोहित की हत्या की साजिश रची। इस दौरान साथ मौजूद पार्षद रामखिलावन जांगड़े को भी सुहागा मिली शराब पिला दी।

शराब पीने के बाद बिगड़ी तबीयत

घटना 23 अक्टूबर की शाम पामगढ़ थाना क्षेत्र के पनगांव में कुटराबोड़ हेलीपैड के पास की है। चखना दुकान के पास शराब पीने के बाद जोहित और रामखिलावन की तबीयत बिगड़ गई। दोनों को बिलासपुर के अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां 24 अक्टूबर को इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में जहर दिए जाने की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की। जोहित की बेटी मनीषा खरे की शिकायत पर केस दर्ज किया गया।

दो चेक भी हो चुके थे बाउंस

पुलिस के अनुसार, आरोपी ने उधारी लौटाने के लिए जोहित को दो चेक दिए थे, लेकिन दोनों बाउंस हो गए। 23 अक्टूबर को जोहित ने फोन कर रकम मांगी तो आरोपी ने शाम को मिलने की बात कही।

जांच में सामने आया कि आरोपी ने शराब मंगवाकर उसमें सुहागा मिलाया और दोनों को पिला दिया। पुलिस ने शराब की खाली बोतल और सुहागा की पुड़िया जब्त की है। शराब लाने वाले मुकेश कश्यप की तलाश की जा रही है।

Related Articles

Back to top button