छत्तीसगढ़ में 520 स्वास्थ्यकर्मियों की भर्ती, 14 जिलों में मिलेगी पोस्टिंग; CM साय ने सौंपे नियुक्ति पत्र

रायपुर। छत्तीसगढ़ में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए 520 नए कर्मचारियों की नियुक्ति की गई है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने मंगलवार को रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में नवनियुक्त स्वास्थ्यकर्मियों को नियुक्ति पत्र सौंपे। ये कर्मचारी प्रदेश के 14 जिलों में सेवाएं देंगे। इनमें ज्यादातर जिले जनजातीय बहुल हैं।
मुख्यमंत्री साय ने कर्मचारियों को बधाई देते हुए कहा कि स्वस्थ नागरिक ही सशक्त समाज और विकसित छत्तीसगढ़ की नींव हैं। सरकार का प्रयास है कि शहरों के साथ गांवों, जनजातीय अंचलों और दूरस्थ क्षेत्रों में भी लोगों को समय पर बेहतर इलाज मिल सके।
स्टाफ नर्स के 208, वार्ड बॉय के 50 पद
स्वास्थ्य विभाग के अलग-अलग संवर्गों में चयनित 520 कर्मचारियों में स्टाफ नर्स के 208, ग्रामीण स्वास्थ्य संयोजक पुरुष के 95, ग्रामीण स्वास्थ्य संयोजक महिला के 94, फार्मासिस्ट के 25, वार्ड बॉय के 50 और वार्ड आया के 48 पद शामिल हैं। इन नियुक्तियों से संबंधित जिलों में स्वास्थ्य सेवाओं के संचालन के लिए मानव संसाधन बढ़ेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अस्पताल आने वाले मरीज और उनके परिजन स्वास्थ्यकर्मियों से उम्मीद रखते हैं। इसलिए कर्मचारियों की जिम्मेदारी सिर्फ ड्यूटी निभाने तक सीमित नहीं है। मरीजों के साथ संवेदनशील व्यवहार, तत्परता और सेवाभाव भी जरूरी है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्यकर्मी अपनी नौकरी को जनसेवा का अवसर मानकर ईमानदारी और समर्पण से काम करें।
आगे भी होंगी भर्तियां: स्वास्थ्य मंत्री
साय ने कहा कि राज्य गठन के 25 वर्षों में स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार हुआ है। सरकार नए मेडिकल कॉलेज, आधुनिक चिकित्सा सुविधाएं और स्वास्थ्य अमले को मजबूत करने पर काम कर रही है। लक्ष्य है कि भौगोलिक दूरी किसी के इलाज में बाधा न बने।
स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि 520 कर्मचारियों की भर्ती प्रक्रिया पारदर्शिता के साथ तय समयसीमा में पूरी की गई है। डॉक्टर, नर्स और अन्य पदों पर जरूरत के अनुसार आगे भी भर्तियां होंगी।
कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा सहित मंत्री रामविचार नेताम, ओपी चौधरी, केदार कश्यप, दयालदास बघेल, लखनलाल देवांगन, टंकराम वर्मा, गुरु खुशवंत साहेब और लक्ष्मी राजवाड़े सहित वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।





