ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ में 360 नए धान खरीदी केंद्र खुलेंगे, 15 नवंबर से खरीदी; CM साय ने बताया सिंचाई का प्लान

रायपुर। छत्तीसगढ़ में इस साल 15 नवंबर से धान खरीदी शुरू होगी। किसानों की सुविधा के लिए राज्य सरकार 360 नए धान खरीदी केंद्र खोलने जा रही है। इससे किसानों को धान बेचने के लिए लंबी दूरी तय नहीं करनी पड़ेगी और केंद्रों पर भीड़ का दबाव कम होगा। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने मंगलवार को रायपुर में ‘उत्कृष्ट कृषक रत्न सम्मान समारोह’ में यह जानकारी दी।

श्रद्धेय मनहरण लाल पाण्डेय की जयंती पर आयोजित कार्यक्रम में CM साय ने प्रदेशभर से आए प्रगतिशील किसानों को सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि किसानों की समृद्धि और आय बढ़ाना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। छत्तीसगढ़ की लगभग 80 प्रतिशत आबादी प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से कृषि से जुड़ी है। किसानों की खुशहाली से ही गांव और प्रदेश समृद्ध होंगे।

10 हजार करोड़ की सिंचाई परियोजनाएं शुरू

मुख्यमंत्री ने कहा कि खेती को लाभकारी बनाने के लिए सिंचाई सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। पिछले दो वर्षों में लगभग 10 हजार करोड़ रुपए की नई सिंचाई परियोजनाएं शुरू की गई हैं। वहीं, 1,500 पुरानी सिंचाई परियोजनाओं के जीर्णोद्धार के लिए 2,800 करोड़ रुपए स्वीकृत किए गए हैं। इनके पूरा होने पर सिंचित रकबे में करीब 76 हजार हेक्टेयर की बढ़ोतरी होगी।

इंद्रावती नदी पर मटनार और देऊरगांव परियोजनाओं सहित कई सिंचाई योजनाओं पर भी काम किया जा रहा है। सरकार का लक्ष्य किसानों की बारिश पर निर्भरता कम करना और खेती की उत्पादकता बढ़ाना है।

शून्य प्रतिशत ब्याज पर मिल रहा कृषि ऋण

साय ने कहा कि किसान क्रेडिट कार्ड से किसानों को खेती के लिए पूंजी जुटाने में मदद मिली है। पहले सहकारी बैंकों से 18 प्रतिशत तक ब्याज पर ऋण लेना पड़ता था, जबकि अब किसानों को शून्य प्रतिशत ब्याज पर कृषि ऋण की सुविधा मिल रही है।

वन मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि मुख्यमंत्री स्वयं किसान परिवार से आते हैं और किसानों की जरूरतों को समझते हैं। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि, आयोजन समिति के सदस्य और बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button