प्रेत-बाधा और जिन्न का डर दिखाकर महिला से 85 लाख की ठगी, पैसे मांगने पर नस काटकर भेजी तस्वीर

दुर्ग। भिलाई में अंधविश्वास, तंत्र-मंत्र और निवेश के नाम पर एक महिला से करीब 85 लाख रुपये की ठगी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पीड़िता संगीता कश्यप की शिकायत पर भिलाई नगर कोतवाली पुलिस ने जबलपुर निवासी पवन बधौलिया के खिलाफ धोखाधड़ी, धमकी और अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शिकायत के अनुसार, नवंबर 2023 में रायपुर में एक पारिवारिक कार्यक्रम के दौरान महिला की मुलाकात आरोपी से हुई थी। बातचीत के दौरान महिला ने अपनी घरेलू परेशानियों का जिक्र किया, जिसके बाद आरोपी ने तंत्र-मंत्र और विशेष पूजा के जरिए समस्याएं दूर करने का दावा किया। धीरे-धीरे उसने महिला को ग्रह दोष, प्रेत-बाधा और जिन्न के नाराज होने का डर दिखाकर अपने जाल में फंसा लिया।
आरोप है कि आरोपी ने जबलपुर में गुप्त पूजा कराने, 43 दिनों तक विशेष अनुष्ठान करने और परिवार को संकट से बचाने के नाम पर लाखों रुपये वसूले। वह लगातार कहता था कि यदि पूजा नहीं कराई गई तो परिवार पर बड़ा संकट आ सकता है। इतना ही नहीं, उसने महिला को यह कहकर भी डराया कि उसके पति का सड़क दुर्घटना में शिकार होने का खतरा है। इसके लिए उसने डेढ़ लाख रुपये लिए। बाद में महिला के पति की सड़क हादसे में मौत हो गई, जिसके बाद आरोपी ने भय का फायदा उठाकर और अधिक रकम ऐंठ ली।
आरोपी ने महिला के बेटे को भी शेयर बाजार और ऑनलाइन ट्रेडिंग में भारी मुनाफे का झांसा देकर निवेश करवाया। इसके अलावा खुद को कभी जेल में बंद, कभी बीमार मां के इलाज और कभी पारिवारिक संकट में फंसा बताकर लगातार पैसे मांगता रहा। जब महिला ने अपनी रकम वापस मांगी तो आरोपी ने हाथ की नस काटकर उसकी तस्वीर व्हाट्सएप पर भेज दी और मानसिक दबाव बनाने की कोशिश की।





