वॉशिंग पाउडर की आड़ में चल रही थी गुटखा फैक्ट्री, पुलिस की रेड में बड़ा खुलासा

दुर्ग। दुर्ग जिले में अवैध गुटखा निर्माण के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। जेवरा सिरसा चौकी क्षेत्र के कचांदूर गांव में वॉशिंग पाउडर की पैकिंग के नाम पर किराए के गोदाम में जर्दा युक्त गुटखा बनाने की फैक्ट्री संचालित की जा रही थी। पुलिस ने छापेमारी कर भारी मात्रा में कच्चा माल, पैकिंग सामग्री और मशीनें जब्त कर फैक्ट्री को सील कर दिया है।
जानकारी के अनुसार, सुपेला निवासी गोदाम मालिक मोहम्मद मुस्तफा ने करीब 15-20 दिन पहले उत्तर प्रदेश निवासी मोहम्मद सानू को गोदाम किराए पर दिया था। आरोपी ने खुद को निरमा वॉशिंग पाउडर की पैकिंग का व्यवसायी बताते हुए किरायानामा भी तैयार कराया था। शुरुआती दिनों में सब कुछ सामान्य रहा, लेकिन बाद में उसका मोबाइल लगातार बंद आने लगा। इसी बीच गोदाम के आसपास संदिग्ध गतिविधियां दिखाई देने लगीं, जिससे मालिक को शक हुआ।

गोदाम परिसर में तैनात सुरक्षा गार्ड ने भी अंदर कुछ गड़बड़ी होने की आशंका जताई। इसके बाद गोदाम मालिक ने जेवरा सिरसा चौकी पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और गोदाम का ताला खुलवाकर तलाशी शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस को अंदर बड़ी मात्रा में सुपारी, जर्दा, पैकिंग सामग्री, मिक्सर मशीन, कटर मशीन और गुटखा निर्माण में इस्तेमाल होने वाले अन्य उपकरण मिले। मौके पर फूड सेफ्टी विभाग और प्रशासनिक अधिकारियों की टीम भी पहुंची, जिन्होंने पूरे परिसर का निरीक्षण किया। कार्रवाई के बाद अवैध फैक्ट्री को सील कर दिया गया।
भिलाई नगर सीएसपी सत्यप्रकाश तिवारी ने बताया कि मामले में फरार आरोपी मोहम्मद सानू के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी गई है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि इस अवैध कारोबार का नेटवर्क कितना बड़ा है और इसमें अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं। उल्लेखनीय है कि 11 जून को भी अंडा क्षेत्र में इसी तरह की अवैध गुटखा फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया गया था, जिससे जिले में ऐसे कारोबार के बड़े नेटवर्क की आशंका बढ़ गई है।



