रायपुर में नायब तहसीलदार ने बीच सड़क पर काटा केक, आतिशबाजी की; रील वायरल

सलमान खान के गाने ‘ओ-ओ जाने जाना’ पर बनाया वीडियो, हाईकोर्ट सड़क पर सेलिब्रेशन और स्टंट पर सख्ती के निर्देश दे चुका है
रायपुर। रायपुर में अभनपुर के नायब तहसीलदार विपिन पटेल का बीच सड़क पर केक काटने और आतिशबाजी करने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में वे गाड़ी रोककर उसकी डिक्की खोलते हैं और केक काटते नजर आते हैं। इस दौरान सलमान खान की फिल्म के गाने ‘ओ-ओ जाने जाना’ पर रील भी बनाई गई। वीडियो सामने आने के बाद सड़क पर इस तरह के सेलिब्रेशन को लेकर सवाल उठ रहे हैं।
गाड़ी की डिक्की में रखा था केक
वायरल वीडियो में विपिन पटेल गाड़ी की डिक्की खोलते दिखाई देते हैं। अंदर केक और ‘हैप्पी बर्थडे’ का टैग नजर आता है। इसके बाद वे केक काटते हैं। सेलिब्रेशन के दौरान आतिशबाजी भी की जाती है। वीडियो में एक युवक आतिशबाजी का इंतजाम करता दिखाई देता है।
इस पूरे घटनाक्रम को रील के रूप में सोशल मीडिया पर साझा किया गया है। हालांकि, वीडियो किस स्थान पर और किस अवसर पर बनाया गया, इसकी विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।
सड़क पर सेलिब्रेशन को लेकर हाईकोर्ट के निर्देश
छत्तीसगढ़ में सार्वजनिक सड़कों पर जन्मदिन मनाने, स्टंट करने और यातायात बाधित करने के मामले पहले भी सामने आते रहे हैं। अधिवक्ता विपिन अग्रवाल के मुताबिक, छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट ने ऐसे मामलों पर स्वतः संज्ञान लेते हुए राज्य सरकार और पुलिस को कार्रवाई के निर्देश दिए थे।
कोर्ट ने सड़क पर इस तरह के आयोजनों से होने वाली परेशानियों को देखते हुए सख्ती बरतने और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने पर जोर दिया था। निर्देशों में ड्राइविंग लाइसेंस रद्द करने जैसी कार्रवाई भी शामिल है।
सड़क पर केक काटने और आतिशबाजी से दूसरे वाहन चालकों की आवाजाही प्रभावित होने के साथ दुर्घटना का खतरा भी पैदा हो सकता है। ऐसे में सार्वजनिक स्थानों पर आयोजन के दौरान यातायात नियमों का पालन करना जरूरी है। वायरल वीडियो के मामले में संबंधित विभाग की ओर से कार्रवाई को लेकर कोई जानकारी सामने नहीं आई है।





