18वें जन्मदिन की रात छात्रा की हत्या, नाले की रेत में दफन मिला शव; बॉयफ्रेंड समेत 4 युवक हिरासत में

महासमुंद। महासमुंद जिले के खल्लारी थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है। यहां 18 वर्षीय छात्रा भारती टंडन की हत्या कर शव को नाले के किनारे रेत में दफना दिया गया। घटना का खुलासा तब हुआ जब ग्रामीणों ने रेत से बाहर निकले शव के हिस्से और तेज दुर्गंध को देखकर पुलिस को सूचना दी। मामले ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है।
झारा गांव निवासी भारती टंडन ने 19 जून को अपना 18वां जन्मदिन मनाया था। परिजनों के अनुसार उसी रात करीब 3 बजे वह घर से लापता हो गई। काफी तलाश के बाद भी उसका कोई सुराग नहीं मिला, जिसके बाद परिवार ने 20 जून को खल्लारी थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई थी। बताया जा रहा है कि छात्रा का एक युवक से प्रेम संबंध था और आशंका है कि वह उससे मिलने के लिए घर से निकली थी।
22 जून को गांव से कुछ दूरी पर स्थित एक नाले में रेत के नीचे दबा उसका शव बरामद हुआ। शव का कुछ हिस्सा बाहर निकल आया था और पैर के पंजों को जंगली जानवर नोच चुके थे। मौके पर पहुंची पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने जांच शुरू की तथा शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा।
प्रारंभिक पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में छात्रा के सिर पर करीब छह इंच लंबा गहरा घाव मिला है। चिकित्सकों के अनुसार किसी धारदार हथियार से जोरदार वार किया गया, जिससे खोपड़ी टूट गई। जांघों पर संघर्ष के निशान भी पाए गए हैं। दुष्कर्म की आशंका को देखते हुए नमूनों को फॉरेंसिक जांच के लिए रायपुर भेजा गया है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने छात्रा के कथित बॉयफ्रेंड समेत चार युवकों को हिरासत में लिया है। सभी से पूछताछ की जा रही है। पुलिस मोबाइल कॉल डिटेल, सोशल मीडिया गतिविधियों और अन्य साक्ष्यों की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि हत्या के पीछे प्रेम प्रसंग, दुष्कर्म या अन्य किसी कारण की हर पहलू से जांच की जा रही है।



