ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

ओला इलेक्ट्रिक के 3 हजार वाहनों का पंजीयन अटका, सब्सिडी आवेदन नहीं करने पर परिवहन विभाग का नोटिस

रायपुर। छत्तीसगढ़ में ओला इलेक्ट्रिक के करीब 3,000 वाहनों का पंजीयन लंबित है। इसके अलावा बड़ी संख्या में इलेक्ट्रिक वाहनों के लिए शासन की ईवी सब्सिडी का आवेदन भी जमा नहीं किया गया है।

इससे पात्र वाहन मालिकों को सरकारी योजना का लाभ मिलने में परेशानी हो रही है। मामले को गंभीरता से लेते हुए परिवहन विभाग ने कंपनी को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है।

परिवहन आयुक्त कार्यालय से मिली जानकारी के मुताबिक, कंपनी की ओर से वाहन पंजीयन और सब्सिडी से जुड़ी प्रक्रियाएं समय पर पूरी नहीं किए जाने की बात सामने आई है।

विभाग ने मोटरयान अधिनियम, 1988 के प्रावधानों के तहत नोटिस जारी किया है। कंपनी को तय समय-सीमा में अपना पक्ष रखने और लंबित मामलों पर स्पष्टीकरण देने के निर्देश दिए गए हैं।

पंजीयन और सब्सिडी प्रक्रिया में लापरवाही का मामला

परिवहन विभाग के अनुसार, वाहनों का पंजीयन और पात्र हितग्राहियों के लिए सब्सिडी आवेदन समय पर करना जरूरी है। प्रक्रिया लंबित रहने से वाहन मालिकों को परेशानी हो सकती है और वे शासन की योजना का लाभ लेने से वंचित रह सकते हैं।

विभाग ने कंपनी से लंबित पंजीयन और सब्सिडी आवेदनों की स्थिति स्पष्ट करने को कहा है। साथ ही जरूरी प्रक्रियाएं पूरी करने की अपेक्षा की गई है, ताकि वाहन मालिकों को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।

जवाब नहीं देने पर हो सकती है कार्रवाई

परिवहन विभाग ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित समय-सीमा में संतोषजनक जवाब नहीं मिलने या नियमों के उल्लंघन की पुष्टि होने पर कंपनी के खिलाफ नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल कंपनी को नोटिस जारी कर उसका पक्ष मांगा गया है। मामले में आगे की कार्रवाई कंपनी के जवाब और विभागीय परीक्षण के आधार पर की जाएगी।

Related Articles

Back to top button