दिल्ली दौरे पर जाएंगे मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, भाजपा प्रदेश पदाधिकारियों और जिलाध्यक्षों की बैठक आज

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय बुधवार को महत्वपूर्ण दिल्ली दौरे पर रवाना होंगे। राजधानी रायपुर में विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होने के बाद वे दोपहर में दिल्ली के लिए प्रस्थान करेंगे। मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में भी चर्चाएं तेज हैं।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री सुबह 10:15 बजे वीरांगना राजनी दुर्गावती की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। इसके बाद वे भाजपा के प्रदेश मुख्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर पहुंचेंगे, जहां पार्टी के विभिन्न कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे। दोपहर 1:30 बजे मुख्यमंत्री रायपुर एयरपोर्ट पहुंचेंगे और वहां से 2:30 बजे की नियमित विमान सेवा से दिल्ली के लिए रवाना होंगे।
इधर भारतीय जनता पार्टी ने भी संगठनात्मक गतिविधियों को लेकर आज महत्वपूर्ण बैठक बुलाई है। भाजपा प्रदेश मुख्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में सुबह 10 बजे प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक आयोजित होगी। बैठक में प्रदेश अध्यक्ष किरणदेव सिंह सहित करीब तीन दर्जन वरिष्ठ नेता और पदाधिकारी शामिल होंगे। इसमें आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों, सदस्यता अभियान और विभिन्न समितियों की कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा की जाएगी।
पार्टी सूत्रों के अनुसार हाल ही में विभिन्न कार्यक्रमों के संचालन के लिए चार अलग-अलग समितियों का गठन किया गया है, जिनकी गतिविधियां शुरू हो चुकी हैं। इसी क्रम में प्रदेश पदाधिकारियों के साथ-साथ जिलाध्यक्षों की भी बैठक बुलाई गई है।
बैठक का एक प्रमुख एजेंडा भाजपा का डिजिटल प्रशिक्षण अभियान रहेगा। पार्टी की आईटी सेल जिलाध्यक्षों को डिजिटल माध्यमों के प्रभावी उपयोग, सोशल मीडिया प्रबंधन और संगठनात्मक गतिविधियों के तकनीकी पहलुओं की जानकारी देगी। इसके बाद जिलाध्यक्ष अपने-अपने जिलों में मंडल और बूथ स्तर पर समितियों का गठन कर कार्यकर्ताओं और प्राथमिक सदस्यों को प्रशिक्षित करेंगे। भाजपा इस अभियान के जरिए संगठन को डिजिटल रूप से और अधिक मजबूत बनाने की तैयारी में जुटी है।



