ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

अंबिकापुर बाल संप्रेक्षण गृह से 11 अपचारी नाबालिग फरार, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

अंबिकापुर। अंबिकापुर में बाल संप्रेक्षण गृह की सुरक्षा व्यवस्था में बड़ी चूक सामने आई है।

मंगलवार देर शाम सुरक्षाकर्मियों को चकमा देकर 11 अपचारी नाबालिग फरार हो गए। घटना के बाद संप्रेक्षण गृह प्रबंधन और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।

सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्काल तलाश अभियान शुरू कर दिया और फरार बालकों की खोज के लिए अलग-अलग टीमों का गठन किया गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना उस समय हुई जब क्षेत्र में तेज बारिश हो रही थी और बिजली आपूर्ति बाधित हो गई थी।

इसी स्थिति का फायदा उठाते हुए नाबालिगों ने संप्रेक्षण गृह की एक खिड़की तोड़ दी। इसके बाद वे पीछे की दीवार फांदकर परिसर से बाहर निकलने में सफल हो गए।

बताया जा रहा है कि पूरी घटना कुछ ही मिनटों में अंजाम दी गई, जिससे सुरक्षाकर्मियों को भनक तक नहीं लग सकी।

हैरानी की बात यह है कि घटना के समय मुख्य द्वार पर दो सुरक्षा कर्मी तैनात थे।

इसके बावजूद 11 नाबालिगों का एक साथ फरार हो जाना सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है।

प्रारंभिक तौर पर माना जा रहा है कि बारिश और अंधेरे का लाभ उठाकर यह योजना पहले से तैयार की गई थी।

घटना की जानकारी मिलते ही संप्रेक्षण गृह प्रशासन ने गांधीनगर थाना पुलिस को सूचना दी।

पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया और फरार बालकों की तलाश के लिए विशेष अभियान शुरू किया। आसपास के इलाकों, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन और संभावित ठिकानों पर निगरानी बढ़ा दी गई है।

पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों की मदद से फरार नाबालिगों की गतिविधियों का पता लगाने का प्रयास कर रही है।

साथ ही सुरक्षा में हुई चूक की जांच भी शुरू कर दी गई है। अधिकारियों का कहना है कि फरार बालकों को जल्द से जल्द खोजने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं। घटना ने बाल संप्रेक्षण गृह की सुरक्षा व्यवस्थाओं पर गंभीर प्रश्नचिह्न लगा दिया है।

Related Articles

Back to top button