ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

सहकारिता को मजबूत कर किसानों तक पहुंचाएं आधुनिक बैंकिंग सुविधाएं: केदार कश्यप

अपैक्स बैंक और जिला सहकारी बैंकों के अध्यक्षों के साथ मंत्री ने की समीक्षा बैठक

रायपुर। प्रदेश में सहकारिता आंदोलन को मजबूत करने और किसानों को बेहतर बैंकिंग सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए सहकारिता मंत्री केदार कश्यप ने मंगलवार को उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक ली।

नवा रायपुर स्थित निवास कार्यालय में आयोजित बैठक में छत्तीसगढ़ अपैक्स बैंक और जिला सहकारी केंद्रीय बैंकों के अध्यक्षों एवं वरिष्ठ पदाधिकारियों ने हिस्सा लिया।

बैठक में सहकारी बैंकों की कार्यप्रणाली को अधिक प्रभावी बनाने, डिजिटल बैंकिंग सेवाओं के विस्तार और सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पारदर्शी तरीके से पहुंचाने पर चर्चा हुई।

मंत्री कश्यप ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसानों को आधुनिक बैंकिंग सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ ही योजनाओं का लाभ समय पर दिलाना सुनिश्चित करें।

मंत्री ने कहा कि सहकारिता व्यवस्था ग्रामीण अर्थव्यवस्था की रीढ़ है। किसानों और ग्रामीण क्षेत्रों के आर्थिक सशक्तिकरण में सहकारी संस्थाओं की महत्वपूर्ण भूमिका है। इसलिए सहकारिता क्षेत्र को और अधिक जवाबदेह, पारदर्शी और जनोन्मुखी बनाने की दिशा में लगातार काम किया जाना जरूरी है।

उन्होंने अपैक्स बैंक और जिला सहकारी बैंकों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर भी जोर दिया। डिजिटल सेवाओं के विस्तार से ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को बैंकिंग सुविधाओं के लिए अनावश्यक परेशानी से राहत मिल सकती है।

बैठक में सहकारी संस्थाओं को मजबूत बनाने और उनकी सेवाओं की पहुंच बढ़ाने के लिए विभिन्न सुझावों पर भी विचार-विमर्श किया गया।

मंत्री कश्यप ने कहा कि राज्य सरकार किसानों के हितों को प्राथमिकता देते हुए ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।

उन्होंने बैंक अध्यक्षों, पदाधिकारियों और अधिकारियों से समन्वय के साथ काम करने का आह्वान किया, ताकि सहकारिता क्षेत्र प्रदेश के किसानों और ग्रामीणों के लिए अधिक उपयोगी और भरोसेमंद बन सके।

Related Articles

Back to top button