MAUSAM: दिल्ली-यूपी समेत 16 राज्यों में तूफानी बारिश की चेतावनी, 70 किमी/घंटा की रफ्तार से चलेंगी हवाएं

दिल्ली। उत्तर भारत समेत देश के कई हिस्सों में भीषण गर्मी से राहत मिलने वाली है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, राजस्थान और उत्तराखंड समेत 16 राज्यों के लिए अगले 10 घंटों के दौरान तेज बारिश, आंधी और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की है। विभाग के मुताबिक कई इलाकों में 40 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।
मौसम विभाग ने जिन राज्यों के लिए अलर्ट जारी किया है, उनमें दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, राजस्थान, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, गुजरात, महाराष्ट्र, जम्मू-कश्मीर, झारखंड, पश्चिम बंगाल, असम, कर्नाटक और तमिलनाडु शामिल हैं। विभाग का कहना है कि मानसून तेजी से आगे बढ़ रहा है और अगले तीन से चार दिनों में इन राज्यों के अधिकांश हिस्सों में बारिश की गतिविधियां और तेज होंगी।
दिल्ली-एनसीआर में रविवार को हल्की से मध्यम बारिश, गरज-चमक और तेज हवाएं चलने की संभावना है। अधिकतम तापमान 36 से 39 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। उत्तर प्रदेश में पश्चिमी जिलों में अच्छी बारिश का अनुमान है, जबकि पूर्वी हिस्सों में कुछ स्थानों पर लू का असर बना रह सकता है।
हिमाचल प्रदेश के शिमला, कांगड़ा, चंबा, मंडी, कुल्लू और किन्नौर सहित कई पहाड़ी जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। जम्मू-कश्मीर की घाटी और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में भी गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना जताई गई है। पंजाब में भी अगले कुछ दिनों तक बारिश और तेज हवाओं का दौर जारी रहने का अनुमान है।
मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले मैदानों, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने, अनावश्यक यात्रा से बचने तथा स्थानीय प्रशासन और मौसम विभाग की सलाह का पालन करने की अपील की है। विशेषज्ञों का कहना है कि सक्रिय हो रहे मानसून के चलते आने वाले दिनों में देश के अधिकांश हिस्सों में गर्मी से राहत मिलेगी।





