कराची में पाक रेंजर्स मुख्यालय पर आत्मघाती हमला, 6 हमलावर ढेर; 4 जवानों की मौत, कई घायल

कराची। पाकिस्तान के कराची शहर में रविवार को अर्धसैनिक बल सिंध रेंजर्स (बार्डर रेंजर) के मुख्यालय पर बड़ा आत्मघाती हमला हुआ। हमलावरों ने विस्फोटकों से भरे वाहन के जरिए मुख्यालय को निशाना बनाया, जिसके बाद जोरदार धमाका हुआ और परिसर में दोनों ओर से भारी गोलीबारी शुरू हो गई। सुरक्षा बलों ने जवाबी कार्रवाई में सभी छह आतंकवादियों को मार गिराया, लेकिन इस दौरान चार जवान शहीद हो गए, जबकि कई अन्य घायल हुए हैं।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, विस्फोट के बाद हमलावर परिसर में घुसने की कोशिश कर रहे थे। सुरक्षा बलों ने तुरंत मोर्चा संभाला और लंबे समय तक चली मुठभेड़ के बाद पूरे इलाके को अपने नियंत्रण में ले लिया। घटना के बाद आसपास के क्षेत्र को सील कर दिया गया है। मुख्यालय के निकट कई विश्वविद्यालय और मौसम विभाग का कार्यालय होने के कारण सुरक्षा एजेंसियों ने एहतियात के तौर पर यातायात रोक दिया और व्यापक तलाशी अभियान शुरू किया।
रिपोर्टों के अनुसार, प्रतिबंधित चरमपंथी संगठन तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (टीटीपी) से जुड़े गुट जमात-उल-अहरार (JuA) ने हमले की जिम्मेदारी ली है। संगठन ने दावा किया कि हमला उसके कथित आत्मघाती दस्ते ‘खुलाफा-ए-राशिदीन इस्तिशहादी ब्रिगेड’ ने अंजाम दिया।
घटना के बाद सिंध के मुख्यमंत्री सैयद मुराद अली शाह ने अधिकारियों से विस्तृत रिपोर्ट तलब की है। उन्होंने पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों को तत्काल घटनास्थल पर पहुंचकर हालात का जायजा लेने तथा आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
हाल के वर्षों में पाकिस्तान में सुरक्षा बलों और पुलिस प्रतिष्ठानों पर आतंकवादी हमलों में लगातार बढ़ोतरी देखी गई है। पाकिस्तानी अधिकारियों का कहना है कि इन हमलों के पीछे टीटीपी और उससे जुड़े चरमपंथी संगठन सक्रिय हैं। कराची में हुआ ताजा हमला एक बार फिर पाकिस्तान की आंतरिक सुरक्षा व्यवस्था के सामने गंभीर चुनौती बनकर उभरा है।





