ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

‘तू डायन है’ कहकर बुजुर्ग महिला का हथौड़ी से सिर कुचला: दो महिलाओं की मौत का जिम्मेदार मानकर की हत्या, चार आरोपी गिरफ्तार

बलरामपुर। छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले में अंधविश्वास के चलते एक बुजुर्ग विधवा की बेरहमी से हत्या कर दी गई। आरोपियों को शक था कि महिला जादू-टोना करती है और उनके परिवार की दो महिलाओं की मौत के पीछे उसी का हाथ है।

इसी शक में चार लोगों ने मिलकर हत्या की साजिश रची। दो आरोपी घर के बाहर पहरा देते रहे, जबकि दो ने अंदर घुसकर हथौड़ी से महिला का सिर और चेहरा कुचल दिया। पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

घटना पस्ता थाना क्षेत्र के सरगवां पंडोपारा गांव की है। मृतका की पहचान रजपतिया पंडो के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी देवकुमार देवांगन की बड़ी मां ठुमरी की दो सप्ताह पहले बीमारी से मौत हुई थी।

वहीं, मुनेश अगरिया की मां सिबनी की तीन सप्ताह पहले बुखार से मौत हो गई थी। दोनों आरोपियों को शक था कि इन मौतों के लिए रजपतिया जिम्मेदार है।

घर में घुसकर हथौड़ी से किए ताबड़तोड़ वार

पुलिस के अनुसार, 9 नवंबर की रात करीब 9 बजे चारों आरोपी महिला के घर पहुंचे। रामप्रसाद पंडो और शिवनाथ नगेशिया बाहर पहरा देने लगे। वहीं, देवकुमार और मुनेश घर के अंदर घुसे। उन्होंने महिला को ‘डायन’ और ‘टोनही’ कहते हुए हथौड़ी से सिर और चेहरे पर कई वार किए। हत्या के बाद सभी आरोपी भाग गए।

अगली सुबह 10 नवंबर को महिला का सौतेला बेटा जेठू पंडो घर पहुंचा। अंदर खाट पर रजपतिया का खून से लथपथ शव मिला। उसने पुलिस को सूचना दी।

पूछताछ में खुला हत्या का राज

पुलिस ने डॉग स्क्वायड की मदद से जांच शुरू की। जांच में शिवनाथ नगेशिया का महिला के घर आना-जाना सामने आया। संदेह के आधार पर हिरासत में लेकर पूछताछ की गई तो उसने वारदात का खुलासा किया। इसके बाद पुलिस ने देवकुमार, मुनेश, शिवनाथ और रामप्रसाद को गिरफ्तार कर लिया।

Related Articles

Back to top button